अयोध्या। शहर के तिरुपति क्वारंटीन सेंटर में रखे गए कोरोना मरीज के नजदीकी चार व्यक्तियों समेत रविवार को 38 नमूने कोरोना जांच के लिए भेजे गए। वहीं, बीते 15 मई को मृतक आशा बहू व मुंबई से आए व्यक्ति की मौत के बाद उसकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद महकमे ने थोड़ा राहत महसूस किया है।
पिछले तीन दिन में जिले में पांच मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये सभी महाराष्ट्र से लौटे हैं। मसौधा कोविड एल-1 हॉस्पिटल में रखकर इनका इलाज किया जा रहा है। जबकि इनके संपर्क में आए लोगों की तलाश करके उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है।
इनमें कुछ को तिरुपति होटल व कुछ को शाने अवध में रखा गया है। रविवार को इनमें से चार व्यक्तियों का नमूना संदेह के आधार पर तिरुपति होटल से भेजा गया है। इनकी रिपोर्ट आने के बाद इनके नजदीकियों की शिनाख्त की जाएगी। इसके अलावा मसौधा फैसलिटी क्वारंटीन से 15 व मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर से 19 व्यक्तियों का नमूना कोरोना जांच के लिए भेजा गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि 15 मई तक की रिपोर्ट आ चुकी है। 16 मई की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बताया कि शुक्रवार को इनायतनगर थाना क्षेत्र के घुरेहटा निवासी मृतक आशा बहू व खंडासा थाना क्षेत्र के अधेड़ की मौत के बाद शव की कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।
आइसोलेशन बेड की संख्या तीन सौ करने की तैयारी
प्रवासी श्रमिकों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के मामले बढ़ने के बाद भविष्य की स्थिति से निपटने के लिए अब जिले में आइसोलेशन बेडों की संख्या तीन सौ करने की तैयारी की जा रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि स्थिति चिंताजनक हो रही है। ऐसे में तैयारियों को और मजबूत किया जा रहा है। प्रशासनिक टीम के साथ बैठक के उपरांत स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। शीघ्र ही मानक के अनुरूप समस्त सुविधाओं से लैस आइसोलेशन वार्ड तैयार किए जाएंगे।