अयोध्या। हादसे में जख्मी एक युवक बुधवार को कोरोना जांच होने से पहले ही जिला अस्पताल से भाग गया। इससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। लेकिन युवक का पता महाराष्ट्र का दर्ज होने से काफी खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं लग सका।
बताते हैं ट्रक पर सवार होकर महाराष्ट्र से बस्ती जा रहा यह युवक बुधवार को शहर से सटे देवकाली ओवरब्रिज पर एक ट्रक से हुई टक्कर में घायल होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जबकि उसी समय अलग-अलग जगहों से हादसे में घायल होकर आए चार अन्य घायलों सहित 65 लोगों का नमूना कोरोना जांच के लिए भेजा गया है।
बुधवार की सुबह शहर के देवकाली ओवर ब्रिज के निकट से एक युवक इबरार शेख (30) पुत्र नवीन अली शेख निवासी तलासरी पालघर, महाराष्ट्र सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। 108 एंबुलेंस द्वारा उसे घायलावस्था में जिला अस्पताल लाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल के ईएनटी वार्ड में भर्ती किया गया। इसी के साथ मंगलवार रात व बुधवार सुबह हुई दो और दुर्घटनाओं में घायल चार अन्य लोगों को भी इसी वार्ड में रखकर इलाज किया जा रहा था। सभी की कोरोना जांच कराने का निर्देश दिया गया।
जांच कराने की भनक इबरार को लगी तो वह बहानेबाजी करके अस्पताल से भाग गया। बुधवार को नमूने लेने के लिए टीम पहुंची तो चार व्यक्ति ही वार्ड में मिले। इससे अस्पताल प्रशासन के कान खड़े हो गए। तमाम तरह की बातें अस्पताल परिसर में गूंजने लगीं। काफी खोजबीन के बाद भी युवक नहीं मिला तो अस्पताल के सीएमएस ने रिकाबगंज चौकी प्रभारी को मामले से अवगत कराकर कार्रवाई की मांग किया।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके राय ने बताया कि पांच घायलों को ईएनटी वार्ड में रखा गया था। सभी की कोरोना जांच कराने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच महाराष्ट्र निवासी इबरार शेख बिना जांच कराए भाग गया। जबकि भर्ती चार अन्य व्यक्तियों का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। बताया कि मामले से स्थानीय पुलिस को अवगत कराया गया है।
वहीं, रिकाबगंज चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की ओर से मिले विवरण में भागे युवक का फोन नंबर अंकित नहीं है। ऐसे में उसे खोज पाने में दिक्कत हो रही है। फिर भी प्रयास चल रहा है।
इसके अलावा अन्य प्रदेशों से लौटे श्रमिकों व दुर्घटना में घायल अन्य व्यक्तियों सहित 61 और व्यक्तियों के नमूने बुधवार को भेजे गए हैं। इनमें 31 लोगों का नमूना मसौधा फैसलिटी क्वारंटीन व तीस का नमूना मेडिकल कॉलेज दर्शननगर से भेजा गया है। मेडिकल कॉलेज से गए नमूनों में भी कई लोग घायल ही बताए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि दस मई तक की रिपोर्ट अभी प्राप्त हुई। सभी नमूने निगेटिव आए हैं।
कोरोना पॉजिटिव के साथ बस में यात्रा करने वाले क्वारंटीन, तीनों के नमूने भेजे
रुदौली। बाराबंकी जनपद में कोरोना पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति के साथ परिवहन निगम की बस में यात्रा करने वाले जिले के तीन लोगों का नमूना भी बुधवार को भेजा गया है। तीनों को मसौधा में क्वारंटीन किया गया है।
तीन मई को अहमदाबाद से चलकर कानपुर तक आई ट्रेन से आने वाले श्रमिकों को परिवहन निगम की बस संख्या यूपी 35टी-8678 से बाराबंकी, अयोध्या, श्रावस्ती, बहराइच तक ले जाया गया। इस दौरान बस में 29 श्रमिक सवार थे, जिन्हें कानपुर से भेजा गया था।
इनमें शामिल बाराबंकी निवासी एक व्यक्ति परीक्षण के उपरांत कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसी बस में अयोध्या जनपद के टीकर पोस्ट रौजागांव रुदौली निवासी अखिलेश कुमार पुत्र शिवकुमार, रामदीन पुरवा असरफ नगर मंजनपुर निवासी विमल पुत्र लालता प्रसाद व पकड़िया गांव हरिहरपुर कायस्थान निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र शिवप्रसाद भी सवार था। एसीएमओ डॉ. अजय मोहन ने बताया कि बाराबंकी पुलिस की सूचना पर तीनों व्यक्तियों की तलाश करके सभी को मसौधा में क्वारंटीन किया गया था। जिनका नमूना बुधवार को भेजा गया है।