फैजाबाद सहकारी बैंक की शाखाओं को कारपोरेट लुक देने की तैयारी है। इसके लिए शाखाओं को जल्दी से जल्दी सीबीएस करने का फैसला लिया गया है। गुरुवार को हुई बैंक संचालक मंडल की बैठक में इसके साथ ही बैंक की आर्थिक स्थिति और बेहतर करने के लिए वसूली के साथ ही कारोबार पर विशेष जोर देने के लिए कहा गया है।
बैंक परिसर में सहकारी बैंक के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह राजू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बैंक के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सचिव से पिछले वित्तीय साल 2015-16 में लगभग 47 लाख रुपये के लाभ की जानकारी दी गई। पिछले साल के सापेक्ष एनपीए कम होने की जानकारी दी गई।
अन्य उपभोक्ताओं के साथ किसानों के सहयोगी बैंक को अन्य बैंकों की ही तरह कारपोरेट लुक दिए जाने को लेकर चर्चा की गई। फैजाबाद से अंबेडकरनगर तक फैली बैंक की सभी 25 शाखाओं को जल्दी से जल्दी सीबीएस प्रणाली से जोड़े जाने का कार्य कराए जाने के साथ सीसीटीवी कैमरा, सिक्योरिटी अलार्म और नोट काउंटिंग मशीन को शीघ्र लगवाने का निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष के साथ सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि सीबीएस किए जाने के साथ ही शाखाओं को आधुनिक तरीके से सुसज्जित एवं व्यवस्थित किया जाएगा। बताया कि बैंक का लुक बदलने के साथ ही इसकी आर्थिक स्थिति और बेहतर करना लक्ष्य है।
वसूली बढ़ाने के साथ ही कारोबार बेहतर करने के लिए त्वरित कार्रवाई किए जाने की निर्णय लिया गया। बैठक में संचालक वंशीलाल यादव,, इंद्रभान सिंह, चंद्रिका यादव, राजकरन सिंह, शिवकुमार के साथ सचिव संजय पांडेय मौजूद रहे।