अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि के 21वां दीक्षांत समारोह बुधवार को होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय मौसम विज्ञान के पूर्व महानिदेशक डॉ. लक्ष्मण सिंह राठौर होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। वह 631 विद्यार्थियों को उपाधि व 23 विद्यार्थियों को पदक प्रदान करेंगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गईं हं। राज्यपाल सुबह 10 बजे विवि पहुंच जाएंगी। राज्यपाल के आगमन व दीक्षांत समारोह की तैयारियों में दिनभर विवि व जिला प्रशासन लगा रहा।
विवि के कुलपति जेएस संधू समेत प्रशासनिक अफसरों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया है। कुलपति ने खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कार्यक्रम का रिर्हसल भी हुआ।
इसमें विद्यार्थियों को किस प्रकार जाना है और किस प्रकार पदक ग्रहण करना है समेत विभिन्न टिप्स विद्यार्थियों को दिए गए हैं। मीडिया प्रभारी उमेश पाठक ने बताया कि कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पद्मभूषण डॉ. राजेंद्र सिंह परौदा को मानद उपाधि दी जाएगी।
पहली बार दिया जाएगा पीएचडी छात्रों को पदक
विवि प्रशासन ने मेहनती छात्रों को प्रेरित करने के दृष्टि से विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार शोध छात्रों को पीएचडी की उपाधि के साथ-साथ सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को मेडल देने का निर्णय लिया है। इसमें विद्यार्थियों में खास उत्साह है। इस बार मेडल पाने वालों में तीन छात्रों का चयन किया गया है। इनमें पशुचिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय के पशु पोषण विभाग के शोध छात्र वीरेंद्र बहादुर सिंह को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय के सब्जी विज्ञान विभाग के शोध छात्र मनीष कुमार सिंह को कुलपति स्वर्ण पदक तथा कृषि महाविद्यालय के सस्य विज्ञान विभाग के छात्र विपुल सिंह को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक के लिए चुना गया है।