यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह रोडवेज व आसपास अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। बस स्टेशन के सामने खड़ी रोडवेज बसों को डिपो के भीतर कराने के साथ टैक्सी वाहनों को तहसील रोड पर भेजा गया।
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर पालिका बैठक में यातायात पुलिस, नगर पालिका, प्रशासन व परिवहन विभाग की ओर से निर्णय लिया गया था।
निर्णय का अनुपालन कराने के लिए एआरटीओ प्रवर्तन फरीदुद्ीन, सीओ यातायात नवीन कुमार नायक व ईओ नपा रविशंकर शुक्ल की संयुक्त टीम बनाकर प्रत्येक बुधवार को अभियान चलाने की बात भी कही गई।
हालांकि सोमवार को ही संबधित विभागों के अधिकारी तथा पुलिस रोडवेज स्टेशन पहुंच गई। फोर्स ने डिपो के बाहर खड़ी रोडवेज बसों को डिपो के भीतर खदेड़ दिया।
राजधानी समेत विभिन्न रूटों पर चलने वाली टैक्यिसों को तहसील रोड पर भेजा गया। यह अलग बात रही कि अभियान के कुछ देर बाद ही हालात पहले जैसे हो गये।
एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि संयुक्त टीम बीचबीच में जांच कर निर्णय का अनुपालन देखेगी और निर्देशों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।