अयोध्या। सुबह-शाम घने कोहरे ने रविवार को रफ्तार रोक दी। दोपहर में निकली तेज धूप ने गलनभरी सर्दी से कुछ राहत दी। इससे शहर अधिकांश पार्क, रेस्तरां गुलजार दिखे। वहीं, बाजार में खरीदारी को भीड़ उमड़ी।
अब मौसम विभाग ने पछुआ हवा चलने व आसमान साफ रहने की आशंका जताई है। शनिवार देर शाम से घना कोहरा छाने लगा, जो सुबह तक बरकरार रहा। इससे हाईवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई।
दृश्यता कम होने से हाईवे पर तमाम वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के प्रकोप से सुबह के समय जनजीवन प्रभावित रहा। कोहरा, गलनभरी सर्दी होने के कारण लोग देर से बिस्तर से निकल सके।
सुबह निर्धारित समय पर धूप नहीं निकली। सुबह 11 बजे तक आसमान से धुंध छंटा और गुनगुनी धूप खिली। धूप निकलने के बाद भी मौसम में अचानक होने वाले परिवर्तन की आशंका में घर से बाहर निकले महिला-पुरुष, युवक-युवतियां गरम कपड़ों से तन पूरी तरह ढंककर ही निकलने का साहस जुटा सके।
दिन में धूप निकलने पर लोगों ने परिवार संग संडे मनाया। लोग शहर के गुलाबबाड़ी, छावनी क्षेत्र के गुप्तारघाट, कंपनी गार्डन, राजकीय उद्यान आदि पार्कों में परिवार संग पहुंचे और झूले आदि पर बच्चों ने खूब आनंद लिया।
उधर, रविवार का अवकाश होने के कारण चौक से रिकाबगंज तक गुनगुनी धूप में लोगों ने खूब खरीदारी की। दोपहर करीब दो बजे से शाम तक मार्ग पर लंबा जाम रहा। यही नजारा चौक से फतेहगंज मार्ग पर भी नजर आया। ग्रामीण इलाकों में भी स्थानीय बाजार-हाट ग्राहकों से गुजजार रहे। दिन भर खिली धूप का असर रहा कि रविवार को दिन के तापमान में वृद्धि रही तो रात के तापमान में कमी देखी गई।
रविवार को अधिकतम तापमान शनिवार की अपेक्षा चार डिग्री बढ़कर 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान करीब दो डिग्री लुढ़ककर 5.5 डिग्री पहुंच गया। आर्र्दता अधिकतम 94 फीसदी रही। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में आसमान साफ रहने व पछुआ हवा चलने के आसार हैं। पछुआ हवा से गलन बरकरार रहने की उम्मीद जताई जा रही है।