अयोध्या में देर रात निरीक्षण करने पहुंचे सीएम योगी
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री को बताया गया कि रामपथ (सहादतगंज से नयाघाट) तक निर्माणाधीन है। उक्त परियोजनाओं का 30 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। 31 दिसंबर तक कार्य पूरा हो जाएगा। इसमें यूटिलिटी डक्ट, सीवर लाइन, स्टाॅर्म वाटर डेन एवं वाटर पाइप लाइन का कार्य प्रगति पर है। श्री राम जन्मभूमि पथ सुग्रीव किला से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक जायेगा। मार्ग पर दो लेन बिटुमिन्स एवं 15 मीटर चौड़ाई में पैदल पथ का निर्माण होना है। तथा मार्ग पर विद्युत तारों को भूमिगत करने हेतु यूटिलिटी डक्ट, स्टार्म वाटर डेन, फुटपाथ, स्टोन बेंच का निर्माण कराया जायेगा। 91 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। भक्ति पथ अयोध्या कैंट से अयोध्या मुख्य मार्ग (रामपथ) से हनुमानगढ़ी होते हुये श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य जिसमें मार्ग के विद्युत तारों को भूमिगत करने हेतु यूटिलिटी डक्ट, फुटपाथ, स्टोन बेंच, सुन्दर स्ट्रीट लाइट का 44 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसे 31 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश दिये गये हैं
प्राथमिकता से कार्य पूर्ण करने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गयी, प्राथमिकता तय करते हुये सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाय। अपर मुख्य सचिव ऊर्जा, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग, प्रमुख सचिव पर्यटन आदि द्वारा विभिन्न बिन्दुओं की जानकारी दी गयी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या विजन के तहत चल रही परियोजनाओं का कार्य यथाशीघ्र पूरा किया जाय। परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग, रेलवे, ऊर्जा, परिवहन, चिकित्सा, शिक्षा, नगर विकास, पर्यटन, सिंचाई, सेतु निगम आदि विभागों की प्रमुख योजनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को विश्वस्तरीय पर्यटन नगरी बनाए जाने तथा इसके धार्मिक एवं सांस्कृतिक के अनुरूप कार्य करें।
जल्द बदलेगा अयोध्या का स्वरूप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या का स्वरूप जल्द ही बदलेगा। अयोध्या धाम के नाम के अनुकूल भव्यता एवं आकर्षण को बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। अयोध्या धाम विश्वस्तरीय नगरी में शुमार होगा। अयोध्या सनातन धर्म का केंद्र बिंदु होगा। अयोध्या में पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक रूप से सुनियोजित विकास का कार्य तेजगति से चल रहा है। सीएम ने चल रहे विकास कार्यों को और तेजी से चलाकर पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने शासन के उच्चाधिकारियों को निर्देश दिया कि समय-समय पर अयोध्या आकर करे भौतिक स्थलीय सत्यापन करें।
मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया प्रेजेंटेशन
समीक्षा बैठक में प्रेजेंटेशन के दौरान बताया गया कि एनएच 27 बाईपास से निकलकर मोहबरा बाजार होते हुए टेढ़ी बाजार श्री राम जन्मभूमि तक फोरलेन का 30 प्रतिशत तक कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अयोध्या सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 330 से पुरुषोत्तम भगवान श्री राम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक फोरलेन का निर्माण कार्य 95 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। अयोध्या सहित अन्य सभी मार्गों के अयोध्या अकबरपुर-बसखारी मार्ग पर प्रस्तावित मया बाजार फोरलेन बाईपास, सोहावल से नवाबगंज होते हुए विक्रमजोत तक बाईपास/रिंगरोड, 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का सुधार एवं विकास, एनएच 227 बी, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का विकास, स्मार्ट रोड धर्म पथ, परिक्रमा मार्ग का विकास, जनपद अयोध्या गुप्तार घाट तक तटबंध के निर्माण हरिश्चंद्र उदय रेस्टोरेशन 98 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण में रनवे का 84 प्रतिशत से अधिक हो चुका। भवन निर्माण के कार्य को तेजी से करने के निर्देश दिये गये।
अयोध्या रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म क्षेत्र का विकास, एस्केलेटर एवं लिफ्ट आदि का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। रामघाट पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर बड़ी बुआ रेलवे क्रॉसिंग संख्या 112 पर 2 लेन रेल ऊपरिगामी सेतु का निर्माण 65 प्रतिशत से अधिक पूर्ण कर लिया गया है। इसके अलावा वाराणसी लखनऊ रेल सेक्शन दर्शन नगर के पास फोरलेन रेल ऊपरीगामी क्षेत्र का, 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर सूर्य कुंड स्थित रेलवे समपार संख्या 105 पर 2 लेन उपरिगामी सेतु का कार्य, फतेहगंज समपार संख्या 118 ए पर 2 लेन ऊपरीगामी सेतु, टेढ़ी बाजार चैराहा पूर्वी वाहन पार्किंग एवं दुकानों, निर्माण कार्य, कौसलेस कुंज में वाहन पार्किंग एवं दुकानों का निर्माण कार्य, कुंडों, घाटों सहित अन्य परियोजनाओं के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में सांसद श्री लल्लू सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायकगण रामचन्द्र यादव, वेदप्रकाश गुप्ता, डॉ. अमित सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।