मिल्कीपुर और रुदौली में सोमवार को विभिन्न लोकार्पण, शिलान्यास और सभा में आ रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को कोई कमी न दिखे, इसके लिए जिला प्रशासन पूरे दिन रणनीति बनाता रहा।
कलेक्ट्रेट में डीएम, सीडीओ समेत अफसरों ने बैठक कर चाक-चौबंद इंतजाम व मिनट-टू-मिनट मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मंथन किए। उधर सपाइयों ने भी गोमती पुल के उद्घाटन के बाद मवई के सोनवार गांव में जनसभा को लेकर ताकत झोंक दी है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 18 अप्रैल को मिल्कीपुर और रुदौली क्षेत्र का दौरा करेंगे। वह सुबह साढ़े नौ बजे लखनऊ से मिल्कीपुर के सराय धनेठी के लिए रवाना होंगे। वहां सुबह 10 बजे पहुंचेंगे और राजकुमारी महाविद्यालय का उद्घाटन करेंगे। 11:10 बजे उरियरमऊ अमेठी के लिए हेलीपैड पर प्रस्थान करेंगे।
अमेठी से 11:25 बजे मवई के गोमती नदी पुल पहुंचेंगे और नए पुल का लोकार्पण करने के बाद उसी मार्ग से रुदौली क्षेत्र में गोमती के तट पर मां कामाक्षा भवानी मंदिर के पास सभा को संबोधित करेंगे।
यहां सीएचसी, जीजीआईसी का शिलान्यास करेंगे। यहां से लगभग पांच सौ मीटर दूर सोनबा गांव में महेश के घर जाएंगे। इस दौरान स्कूलों सहित अन्य विकास कार्यों के निरीक्षण के मद्देनजर तैयारी की जा रही है। इसे लेकर डीएम ने रविवार को मैराथन बैठक कर सभी विभागों की पेंच कसी।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के दो स्थानों पर कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने 36 मजिस्ट्रेटों के तैनाती के साथ भारी संख्या में फोर्स की तैनाती की है। मिल्कीपुर के सराय धनेठी के हेलीपैड, क्रू, जनसभा स्थल, दाएं, बाएं, पार्किंग और उद्घाटन स्थल के साथ ही राजकुमारी महाविद्यालय के प्रबंधक जगजीवन प्रसाद के घर जाने के संभावित कार्यक्रम के मद्देनजर एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
मिल्कीपुर के कार्यक्रम के प्रभारी एडीएम प्रशासन डा. चतुर्भुजी गुप्त को बनाया गया है। रुदौली के गोमती पुल के लोकार्पण से सीएचसी, जीजीआईसी शिलान्यास के साथ ही सभास्तल तक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके साथ सोनबा गांव के कार्यक्रम के मद्देनजर भी प्रशासन और पुलिस के अफसरों को लगाया गया है। कार्यक्रम का प्रभारी मुख्य राजस्व अधिकारी को बनाया गया है।
सपा नेताओं ने लगाई पूरी ताकत
मंत्री अवधेश प्रसाद और तेज नारायण पांडेय पवन समेत सपा जिलाध्यक्ष जयशंकर पांडेय, विधायक आनंदसेन यादव, पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी रुश्दी मियां, एमएलसी लीलावती कुशवाहा तथा गंगा सिंह यादव कार्यक्रमों और सभा स्थलों की मॉनीटरिंग करते रहे। रुदौली विस क्षेत्र के कामख्या भवानी मंदिर के पास सुनबा में मुख्यमंत्री की सभा को लेकर पूर्व विधायक रुश्दी मियां ने पुलिस अधिकारियों से काफी देर तक मंत्रणा की। इसके बाद नेताओं ने बन रहे हेलीपैड का भी मुआयना किया।