फैजाबाद में रविवार को छठ महापर्व पर गुप्तारघाट में अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने जुड़वा नगरों समेत जिलेभर में रविवार को व्रती महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। पतित पावनी सरयू समेत विभिन्न जलाशयों व कुंडों के तट पर जल व दूध आदि सामग्रियों के साथ कमर भर पानी में खड़े होकर महिलाओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।
इसके बाद वेदी सजाकर छठ माता को कई तरह के फलों का भोग लगाया गया। इसके बाद महाआरती हुई। सोमवार सूर्योदय के समय फिर घाटों पर अर्घ्य देकर महाआरती होगी। इसके बाद व्रती महिलाएं निराजल निराहार व्रत का पारण करेंगी।
छठ्योत्सव पर्व पर सूर्यास्त के पहले सरयू तट की ओर जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। महिलाएं फलों की डाल व पूजन-अर्चन की डाल समेत गन्ना लेकर परिवार के साथ गीत गाती हुई घर से निकलीं। नगर में गुप्तारघाट तो अयोध्या में संत तुलसी दास, नयाघाट घाट सहित अन्य घाटों पर मेले का माहौल रहा।
महिलाओं ने विधि पूर्वक भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर पूजन-अर्चन किया। रामनगरी में तुलसीदास घाट पर सरयू अवध बालक समाज का दो दिवसीय छठ् उत्सव पर्व सीताराम नाम संकीर्तन व सूर्य नारायण के पूजन के साथ शुरू हुआ।
शाम को सूर्यास्त षष्ठी की महाआरती और सूर्य नारायण भगवान की आकर्षक झांकी सजाई गई। भजन संध्या का कार्यक्रम किया गया। सोमवार को सुबह पर सप्तमी तिथि पर सूर्योदय के समय सूर्य को अर्घ्य देकर महाआरती होगी। इसके बाद व्रती महिलाएं निराजल-निराहार व्रत का पारण करेंगी। उसके बाद मूर्ति विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन होगा।