जिले की प्रस्तावित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की सड़कों के निर्माण को जल्द गति मिल जाएगी। बजट के अभाव में इन सड़कों पर कार्य नहीं शुरू हो पा रहा था।
जिले के रुदौली विधानसभा क्षेत्र स्थित भेलसर-उमापुर मार्ग का तो सांसद ने शिलान्यास भी कर दिया था। वहीं जिले के कुमारगंज और पटरंगा थाना क्षेत्र की सड़कों का शिलान्यास करने की तैयारी थी।
केंद्र सरकार की ओर से प्रदेश सरकार को पीएमजीएसवाई में 200 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।
भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने रुदौली के बाशिंदों की मांग पर क्षेत्र के भेलसर से उमापुर को जोड़ने वाले मार्ग के निर्माण के लिए इस सड़क को पीएमजीएसवाई में शामिल कराया था और शिलान्यास भी कर दिया था।
इसके बावजूद काम न शुरू होने पर क्षेत्रीय लोगों ने पड़ताल शुरू की तो पता चला कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में धन ही नहीं है, जिसके चलते निर्माण कार्य नहीं शुरू हो पा रहा।
इसको लेकर सांसद लल्लू ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री से मुलाकात की और पीएमजीएसवाई में धन न होने से सड़क निर्माण में विलंब की बात कही और धन आवंटन की मांग रखी।
इसके बाद केंद्र की ओर से प्रदेश सरकार को पीएमजीएसवाई में 200 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करा दी गई। भाजपा के मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह ने शनिवार को बताया कि केंद्र ने प्रदेश सरकार को 200 करोड़ रुपये भेजा है।
धन आवंटन के बाद भेलसर-उमापुर मार्ग का निर्माण शुरू हो जाएगा। चुनाव आचार संहिता खत्म होते ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में चयनित अन्य सड़कों का शिलान्यास किया जाएगा।