फैजाबाद में शनिवार को बजाजा स्थित पीएनबी बैंक की शाखा के बाहर जब लोग इंतजार करते-करते थक गये तो वे वहीं बैठ गये।
- फोटो : अमर उजाला
विकास खंड मया क्षेत्र के महबूबगंज स्थित एक मात्र बैंक बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा से किसानों को मायूस हो कर लौटना पड़ रहा है। नोटबंदी के 12वें दिन किसान बैंक से जरुरत भर रुपया नहीं निकाल पा रहे हैं।
बैंक में नकदी खत्म हो जाने से ग्राहकों को लौट जाना पड़ रहा है। बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में नोट बंदी के बाद 12 व 16 नवंबर को कुछ ही देर रुपयों का भुगतान किया गया। मैनेजर की माने तो उसके बाद से बैंक में नकदी ही नहीं।
ऊंचे गांव निवासी हरीराम वर्मा खाद बीज के लिए 4000 रुपये के भुगतान का चेक लेकर 13 नवंबर को गए। किसान ने बताया कि मैनेजर ने 2000 ही देने की बात कही। चेक काटकर 2000 भरा गया बावजूद इसके पैसा नहीं मिला।
17 नवंबर को पुन: पैसा देने के लिए बैंक ने 101 नंबर टोकन दिया फिर भी पैसा नहीं मिला। 19 को जब किसान ने मैनेजर परवेज खान से जानकारी मांगी तो मैनेजर ने जवाब दिया कि हम क्या करें। ऐसा ही किसान महेंद्र राव के साथ हुआ।
महबूबगंज निवासी विजय प्रकाश प्रजापति के बहन की शादी आठ दिसंबर को है। 13 को पैसा निकालने का फार्म भरा गया। 19 को मैनेजर ने कहा हम आपको पैसा नहीं दे पाएंगे। बैंक मैनेजर परवेज खान ने कहा कि हम क्या कर सकते हैं बैंक में नकदी ही नहीं है।