फैजाबाद में शनिवार को बजाजा स्थित पीएनबी बैंक की शाखा में पैसे की निकासी के लिए लगे बुजुर्ग।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार को बैंकों और एटीएम पर ग्राहकों को ज्यादा परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा। दो-एक जगहों पर एटीएम के बंद होने के साथ ही बैंकों में धन नहीं होने जैसी समस्याएं रहीं लेकिन बैकिंग व्यवस्था ढर्रे पर रही।
बजुर्गों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए बैक प्रबंधन पूरी तरह से संवेदनशील रहा। सिर्फ एक स्थान विकास भवन में साहबों की नाक के नीचे पीएनबी शाखा के सामने बुजुर्ग लाइन में लगे-लगे थकने लगे तो बैठ गए।
नियांवा स्थित एचडीएफसी बैंक में आए बुजुर्गों को उनकी सहूलियत के लिए कुर्सी पर बैठाने की व्यवस्था की गई थी। चौक बजाजा स्थित पंजाब नेशनल बैंक में बुजुर्गो की लंबी लाइन लगी रही। सेंट्रल बैंक व स्टेट बैंक की सिविल लाइंस शाखा में भी बड़ी तादाद में रुपया निकालने और जमा करने के लिए ग्राहक आए हुए थे।
पंजाब नेशनल बैंक की विकास भवन शाखा में काम की गति सुस्त थी जिसके कारण बुजुर्गों को अपनी पारी आने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। जनाना अस्पताल के सामने ग्रामीण बैंक में धन नही होने की सूचना काफी देर में चस्पा हुई।
यहां पर आए ग्राहक महेंद्र प्रताप सिंह जैसे कई को उदास होकर वापस होना पड़ा। ओरियंटल बैंक की टकसाल शाखा में भी धन की व्यवस्था नहीं थी जिसके कारण मिर्जापुर से आए दिलीप कुमार हाथ मलते रह गए।
पुष्पराज स्थित बीओबी तथा टकसाल स्थित ओरिएंटल बैंक का एटीएम बंद रहा। शहर के अन्य क्षेत्रों देवकाली, साहबगंज, सआदतगंज, चौक, फतेहगंज आदि क्षेत्रों में भी बैंक की शाखाओं और एटीएम की स्थित कमोबेश बीते दिनों के सापेक्ष सही रही।