फैजाबाद-शुक्रवार को जीआईसी में मतगणना के लिए प्रवेश द्वार पर लगा सीसीटीवी कैमरा व सुरक्षा के लिए खड़ा जवान ।
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती के लिए मुकम्मल तैयारी कर ली गई है। ईवीएम से शनिवार को पांचों सीटों के प्रत्याशियों का भाग्य खुल जाएगा। इसी के साथ जिले की पांचों सीटों पर किसके सिर ताज सजेगा, इसे लेकर कुल 54 प्रत्याशियों समेत समर्थकों की धुकधुकी बढ़ गई है।
हालांकि गणना से पहले कोई हार मानने को तैयार नहीं है। सभी सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले के रुझान से सपा, भाजपा और बसपा के प्रत्याशी व समर्थक अपनी-अपनी गणित में शुक्रवार को भी उलझे दिखे। जीत के दावे-प्रतिदावे करते दिन काटा। कइयों ने तो रामनगरी में अनुष्ठान कराने समेत कई अन्य प्रदेशों के देवी मंदिरों में मनौती तक मानी है। वोटों की गिनती शनिवार की सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
जिला प्रशासन ने शुक्रवार को मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण देकर गिनती के लिए अंतिम रूप से तैयार कर दिया है। लेकिन उनकी ड्यूटी किस विधानसभा के गणना टेबल पर होगी, यह एक घंटे पहले जीआईसी परिसर में पहुंचने पर तय होगा।
उधर, प्रत्याशियों के मतगणना एजेंटों को परिचय पत्र जारी कर दिए गए हैं। प्रेक्षक भी मतों की गिनती कराने के लिए पहुंच गए हैं। वोटों की गिनती के लिए मेजें सजने के साथ ही डाटा सेंटर तैयार हो गया है। एहतियात के तौर पर मतगणना स्थल को सुरक्षा के घेरे में ले लिया गया है।
जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में मतदान पिछली 27 फरवरी को हुआ था। ईवीएम राजकीय इंटर कॉलेज के स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गई हैं। शनिवार को इसी परिसर में मतगणना होगी। इसके लिए विधानसभा क्षेत्रवार 14-14 टेबलें सजाई गई हैं।
प्रत्येक टेबल पर दो मतगणना कार्मिक, आब्जर्वर और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तैनात रहेगा। इससे अलग विधानसभा क्षेत्रवार रिटर्निंग अफसरों की एक-एक टेबल लगाई गई हैं। सभी प्रत्याशियों के मतगणना एजेंटों को परिचय पत्र के साथ इनके बैठने के लिए कुर्सियां सज गई हैं। बगैर परिचय पत्र किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना कार्मिकों का प्रवेश जीआईसी के दक्षिणी गेट से तो अन्य को इंट्री उत्तरी गेट से दी जाएगी।