उनके चेहरे पर अब तक की तालीम से हासिल हुए आत्मविश्वास की दमक थी तो आंखों में बेहतर भविष्य के सपने की चमक। रविवार की छुट्टी के बावजूद कदम कॉलेज की ओर बढ़ रहे थे। समय के साथ लय मिलाते हुए ठीक वक्त पर परिसर में दाखिल हुए और अनुशासित माहौल का हिस्सा बनकर उस इम्तहान में शामिल हुए, जिसे पास करके वे वजीफे के हकदार बन सकते हैं।
यह नजारा था अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का, जिसमें फैजाबाद में बनाए गुरुनानक एकेडमी गर्ल्स इंटर कॉलेज, गुरुनानक एकेडमी ब्वॉयज इंटर कॉलेज और गुरुनानक एकेडमी गर्ल्स डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र का।
परीक्षा में शामिल 883 विद्यार्थियों का उत्साह चरम पर था तो अनुशासन का भाव भी साथ था। सुबह पौने आठ बजे से ही परीक्षार्थियों का आना शुरू हुआ। आधा घंटा पहले एक परिसर में स्थित तीनों कॉलेजों के 41 कमरों में परीक्षार्थियों ने अनुशासित ढंग से कतारबद्ध प्रवेश करना शुरू किया।
उन्हें कमरों तक पहुंचाने के लिए 15 वालंटियर लगाए गए थे। गेट पर कक्षवार सीटिंग प्लान के साथ माइक से भी दिशा निर्देश दिए जाते रहे। ओएमआर सीट को कक्षनिरीक्षकों ने शुद्ध भराने के लिए कड़ी मेहनत की। 10 मिनट का समय प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए दिया गया। इसके बाद 10 बजे से 11-30 बजे तक पहली पाली परीक्षा कराई गई।
883 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
फैजाबाद। अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में तीन परीक्षा केंद्र पर कुल नामांकित 1414 परीक्षार्थियों में से 883 विद्यार्थी शामिल हुए। हाईस्कूल के कुल 514 परीक्षार्थियों में से 316 उपस्थित रहे तो इंटरमीडिएट के कुल 900 में 567 परीक्षार्थियों ने एग्जाम दिया।
इन जिलों से आए परीक्षार्थी
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देने के लिए फैजाबाद, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, बहराइच, अमेठी, गोंडा के विभिन्न तहसीलों के अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
इन संगठनों का रहा खास सहयोग
कार्तिक मेला व परिक्रमा अवकाश के कारण शिक्षकों की कमी कई संगठनों के पढ़े-लिखे नौकरी व कारोबारी पेशा युवाओं ने दूर की। मां शारदा शक्ति दुर्गापूजा समिति अंजनीपुुर, भारतीय युवा मंच और पत्रकारों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं की टीम ने 41 कक्षों में ड्यूटी की। इसमें प्रमुख रूप से विवेक अमलानी, प्रदीप तिवारी, गनेश शाहू, अमर सिंह, अमरजीत, शुभम, माज, प्रदीप, मेराज, आयु सिंह, समरजीत सिंह, विक्रांत पांडेय, तुषार श्रीवास्तव, तुषार पांडेय, प्रेम सिंह, योगेश, केके मिश्रा आदि शामिल रहे।