दो कोतवाली क्षेत्रों में गुरुवार को आग ने फिर कहर बरपाया। बीकापुर में आठ परिवारों की जहां गृहस्थी जलकर राख हो गई वहीं नौ बीघा जंगल भी जल गया। गोसाईंगंज में आग से दो आशियाने जल गए और एक बकरी जलकर मर गई।
गोसाईंगंज प्रतिनिधि के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के ऊंचे गांव रुहियांवा में गुरुवार सुबह रामलौट के घर में अचानक आग लग गई। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पड़ोसी सालिकराम के घर को भी अपनी आगोश में ले लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ आग बुझाई। दोनों परिवारों का अनाज, कपड़े, चारपाई, सहित अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गया। रामलौट की बकरी आग की चपेट में आने से जलकर मर गई।
बीकापुर प्रतिनिधि के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के सराय भनोली नियाई गांव में गुरुवार दोपहर विद्युत शॉर्टसर्किट से लग गई। जिसमें परिवारों की गृहस्थी जलकर राख हो गई।
आग सबसे पहले कालिका प्रसाद के छप्पर में लगी और देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गयी। आग में जीतेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, अवधेश कुमार, संजय कुमार, घिर्राऊ, राम भारत का छप्पर, बाइक, साइकिल सहित सारा सामान जल कर राख हो गया।
सूचना पर पहुंचे अग्निशमन दल ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। शिवतर गांव में गुरुवार सुबह हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से लगी आग से ग्राम समाज का लगभग नौ बीघा जंगल जल गया। आसपास के गांवों के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।