शनिवार का दिन बीएसएनएल उपभोक्ताओं को परेशान करने वाला रहा। ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) कटने से जिले भर में संचार सेवाएं ठप हो गई।
फैजाबाद-सुल्तानपुर राजमार्ग पर सुल्तानपुर से फैजाबाद की ओर 16 किमी पर और इनायतनगर थानाक्षेत्र के रुदौली बाराबंकी मार्ग के बीच सड़क निर्माण के दौरान कटी ओएफसी ढूंढने व उसे ठीक करने में जुटे बीएसएनएल कर्मी देर शाम तक बाधित संचार सेवा बहाल नहीं कर सके थे।
शनिवार को पूर्वाह्न लगभग 11 बजे अचानक जिले के शहर समेत समूचे ग्रामीण इलाके में बीएसएनल की ब्रॉडबैंड सहित अन्य संचार सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं। पीक ऑवर में आए दिन संचार सेवाएं ठप होने से बीएसएनएल से जुड़े उपभोक्ता खासे परेशान रहे।
बीएसएनएल से जुड़े अफसरों ने बताया कि सुल्तानपुर से फैजाबाद की ओर 16 किलोमीटर दूरी पर फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के कारण ओएफसी कटी है। एक-दो अन्य स्थानों पर भी केबल कटने की सूचना है लेकिन शीघ्र ही इन्हें ठीक करने की कार्रवाई की जा रही है।
इसी तरह इनायतनगर थानाक्षेत्र से रुदौली-बाराबंकी मार्ग के बीच ओएफसी कट जाने से शहर व ग्रामीण इलाकों की संचार सेवाएं बाधित हो गई हैं। बताया गया कि कटी केबलों को ढूंढ कर बीएसएनएल की टीम उसे ठीक कर रही है लेकिन देर शाम तक बाधित संचार सेवाएं बहाल नहीं हो सकी थी।
यूएन राम, डिवीजनल इंजीनियर ऑप्टिकल फाइबर, बीएसएनएल का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान सुल्तानपुर से फैजाबाद मार्ग पर, इनायतनगर से रुदौली मार्ग के बीच ओएफसी कटने से संचार सेवाएं बाधित हैं।
इनके साथ ही बाराबंकी से गोंडा मार्ग पर रामनगर के पास भी ओफएसी कटने से गोंडा जिला भी प्रभावित है। टीम खराबी को ढूंढ इन्हें ठीक करने का कार्य कर रही है।