रुदौली के मोहल्ला नयागंज निवासी प्रतिष्ठित सर्राफा व्यापारी पूर्व सभासद कमलेश कौशल ने करंट से गंवाई जान
रुदौली। करवाचौथ पूजा स्थल पर बल्ब का तार लगाते समय शहर के सर्राफा व्यापारी व पूर्व सभासद की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
इससे परिवार व मोहल्ले में कोहराम मच गया। करवाचौथ की पूजा की तैयारी में लगी उसकी पत्नी की खुशियां मातम में बदल गई।
मोहल्ला नयागंज निवासी शहर के प्रतिष्ठित सराफा व्यापारी पूर्व सभासद कमलेश कौशल गुरुवार रात लगभग 8 बजे घर के आंगन में बने पूजा स्थल पर ज्यादा रोशनी करने के लिए होल्डर में लगे बल्ब का तार बिजली के बोर्ड में लगाते समय करंट की चपेट में आ गए।
आननफानन में उन्हें परिवारीजन सीएचसी रुदौली ले गए, जहां चिकित्सक डॉ फहीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। करवाचौथ की पूजा की तैयारी में लगी पत्नी माधुरी की खुशियां मातम में बदल गई।
घर में करवाचौथ मनाने के लिए आई मोहल्ले की महिलाओं की चीख पुकार मच गई। शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार नयागंज स्थित पैतृक बाग में किया गया। उनके निधन पर विधायक राम चंद्र यादव, नगर पालिका अध्यक्ष जब्बार अली, पूर्व पालिकाध्यक्ष अशोक कसौंधन, पूर्व प्रमुख सर्वजीत सिंह, शाह मसऊद गजाली, डॉ. नेहाल रजा, भाजपा नगर अध्यक्ष राम यज्ञसैनी समेत अन्य ने शोक जताया।