फोरलेन हाईवे पर बूथ नंबर चार के पास सोमवार रात एक प्राइवेट बस व कंटेनर में भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बस में सवार 18 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि रात लगभग साढ़े दस बजे दर्शन नगर की ओर से यात्रियों से भरी प्राइवेट बस लखनऊ जाने के लिए फोरलेन पर आई। यात्रियों के अनुसार, बस लखनऊ की ओर मुड़ने के बजाए गलती से नयाघाट अयोध्या की ओर गलत साइड में मुड़ गई, जिससे नयाघाट की ओर से आ रहे एक कंटेनर से उसकी भिड़ंत हो गई।
बताया कि दुर्घटना में बस में सवार अमीरूल निशां व ताज मोहम्मद निवासी हसनपुर जिला बलरामपुर, मो. युनुस व मो. इब्राहिम निवासी दौलतपुर जिला गोंडा, हलीमुन निशां, शीला वर्मा, सीता देवी, अबुल बकर निवासी मुबारकपुर जिला गोंडा, सुभौता, काजल निवासी मोतीगंज जिला गोंडा, शहबाज, आलिया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां सभी घायलों की हालत ठीक है। बताया कि दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक भाग गए। कंटेनर व प्राइवेट बस को कब्जे में ले लिया गया है।