महाराजगंज थाने की पूरा चौकी क्षेत्र स्थित ग्रामसभा नारा भिटरिया गांव में गुरुवार की शाम अज्ञात कारणों से लगी आग से 12 घर जलकर राख हो गए। जिस समय आग लगी गांव के लोग गेहूं की कटाई करने खेत गए हुए थे।
खबर लगते गांव पहुंचे ग्रामीण गृहस्थी बचाने में जुट गए। आग की चपेट में आकर तीन ग्रामीण बुरी तरह झुलस गए। दो का उपचार सीएचसी में चल रहा है जबकि गंभीर रूप से झुलसे एक ग्रामीण को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गुरुवार शाम तकरीबन चार बजे गांव निवासी गोरे यादव के घर में अचानक आग लग गई। आग कैसे लगी यह तो कोई नहीं जान पाया लेकिन कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिस दौरान आग लगी गांव के अधिकांश पुरुष खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे।
खबर लगते ही कटाई छोड़ गांव भागे ग्रामीण कुछ समझ नहीं पाए और मवेशियों और सामान को बचाने में जुट गए। इसी दौरान गांव निवासी गोरे यादव (45) पर जलता हुआ छप्पर गिर पड़ा और वह बुरी तरह से झ़लस गया। इसी बीच गृहस्थी बचाने में जूझ रहे करिया (35) व रामसदल (30) भी झुलस गए।
चौकी प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने झुलसे तीनों ग्रामीणों को सीएचसी भिजवाया है जहां से गंभीर रूप से झुलसे गोरे यादव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। तकरीबन आधे घंटे बाद पहुंचे अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
लेखपाल राम नारायण ने बताया कि आग से राम धीरज यादव, राम मिलन यादव, राम सदल प्रजापति, रामनयन प्रजापति, राम नारायण प्रजापति, रामपाल यादव, केशव पाल, संजय गोड़, करिया यादव, राम भवन, दुखी प्रजापति सहित 12 घर जलकर राख हुए हैं। लगभग दर्जनभर मवेशी झ़ुलस गए हैं।