रामपथ पर सोमवार को टूटी पाइप लाइन की मरम्मत करते मजदूर।
अयोध्या। रामपथ के निर्माण में बरती जा रही हड़बड़ी का खामियाजा सोमवार को हजारों घरों को भुगतना पड़ा। गुदड़ी बाजार के पास 14 इंच की पाइपलाइन खोदाई के दौरान टूट गई। इससे गुदड़ी बाजार से लेकर उदया चौराहे तक हजारों घरों और दुकानों में पानी की सप्लाई बंद हो गई। बड़े पैमाने पर पेयजल संकट खड़ा होने से जब जलकल के महाप्रबंधक ने नाराजगी जताई तब कहीं जाकर लोक निर्माण विभाग के अफसरों ने मरम्मत का काम शुरू हुआ है।
रामपथ के निर्माण के चलते शुरू से ही पेयजल लाइनें टूट रही हैं। मशीनों से हो रही खोदाई के दौरान कार्यदायी संस्था बड़ी लापरवाही बरत रही है जिसकी वजह से रोज कहीं न कहीं पाइप लाइन टूट जाती है। सहादतगंज में एक दिन पहले सप्लाई चालू हो पाई तो सिविल लाइंस में शाम को पानी की सप्लाई शुरू हो पाई। कचहरी के पास टूटी पाइप लाइन को कई दिन मरम्मत किए जाने के बाद सोमवार शाम को सिविल लाइंस की सप्लाई शुरू की जा सकी। यहां सप्लाई चालू होने से जलकल विभाग के अफसर राहत की सांस भी नहीं ले पाए थे कि अमानीगंज क्षेत्र से शिकायतें शुरू हो गईं। पता चला कि गुदड़ी बाजार में 14 इंच की पाइपलाइन टूट गई है।
पाइप लाइन टूटने से आसपास पानी भर गया। आनन-फानन करीब 14 ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई तत्काल बंद करवा दी गई। इस मेन लाइन के टूटने से गुदड़ी बाजार के आसपास का क्षेत्र, साहबगंज, बेनीगंज, अवधपुरी, अमानीगंज जैसे बड़े आवासीय इलाकों में पानी की सप्लाई बंद हो गई है। जलकल महाप्रबंधक महेश चंद्र आजाद ने बताया कि यह मेन लाइन टूटने बड़े पैमाने पर जलसंकट खड़ा हो गया है। कार्यदायी संस्था मरम्मत का काम करवा रही है, लेकिन इसमें अभी कितना समय लगेगा यह तय नहीं है। तब तक वैकल्पिक इंतजाम किए जाएंगे।
सारी शिकायतें बेअसर
रामपथ पर पेयजल लाइनें टूटने से कई नुकसान हो रहे हैं। लाइन टूटने पर जलभराव हो जाता है और उससे आसपास के मकानों की नींव तक दरक रही है। पेयजल सप्लाई प्रभावित होने की शिकायत जलकल विभाग लगातार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अफसरों से कर रहा है। किंतु इसका कोई बेहतर समाधान अभी तक नहीं निकल पाया है।