शहर के चंदन पैथोलॉजी से एक बच्चे का ब्लड सैंपल गायब होने पर परिवारीजन भड़क गए। उन्होंने बच्चे की जांच में लापरवाही का आरोप लगाया है। पैथोलॉजी पर जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर सीएमओ ने पहुंचकर मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मुगलपुरा निवासी दयानंद ने पुत्र कुशल लालवानी की पैथोलॉजी जांच कराने के लिए 21 जुलाई को चंदन ब्लड बैंक में खून का नमूना दिया था। उन्होंने ब्लड ग्रुप और आरएच फैक्टर की जांच कराने के लिए खून दिया था। जांच रिपोर्ट लेने के लिए दयानंद उसी दिन शाम को पहुंचे तो बताया गया कि कल आइएगा।
तब से तीन दिन तक लगातार पैथोलॉजी आ रहे हैं और उन्हें अगले दिन आने की बात कह कर लौटा दिया जा रहा था। रविवार को उन्हें बताया कि गया जो ब्लड सैंपल लिया गया था, वह गायब हो गया है। इस पर दयानंद भड़क गए। उन्होंने सीएमओ को दूरभाष पर सूचना दी।
मौके पर पहुुंचे सीएमओ पीड़ित की बात सुनी और उनकी शिकायत पत्र को लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पैथोलॉजी के मैनेजर इसे बड़ी चूक मानते हैं। उन्होंने बताया कि ब्लड सैंपल कैसे गायब हुआ, इसकी जांच की जाएगी। जिस कर्मचारी ने लापरवाही बरती है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।