फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा ने कैडर छोड़ नए चेहरों पर लगाया दांव

Sun, 22 Jan 2017 11:07 PM IST
फैजाबाद
विज्ञापन
bjp logo
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने रविवार को अयोध्या और मिल्कीपुर जैसी प्रतिष्ठित सीटों पर प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। अयोध्या से बसपा छोड़कर आए वेद प्रकाश गुप्ता को टिकट दिया है, जबकि मिल्कीपुर से प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े 32 साल के युवा बाबा गोरखनाथ को प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी ने टिकट वितरण में नए चेहरों पर दांव लगाया है।  
विज्ञापन


भाजपा से विधानसभा चुनाव लडने के लिए अयोध्या सीट पर कुल 16 दावेदार थे। इसमें कैडर के 10 और लोकसभा चुनाव के बाद सदस्यता लेने वाले छह दावेदार थे। भाजपा ने 69 वर्षीय वेद प्रकाश गुप्ता पर भरोसा जताया है, वे यहां के बड़े कारोबारी और लंबे समय से व्यापारी राजनीति का अनुभव रखते हैं।

शुरूआती राजनीति में व्यापार मंडल के जरिए भाजपा से जुड़े रहे, मगर टिकट न मिलने का चांस देख वे सपाई हो गए। समाजवादी पार्टी ने 2002 में उन्हें अयोध्या से उतारा, तब कुल 31936 मतों के साथ कुल वोटिंग का 24.11 फीसदी मत हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे। 2012 के चुनाव में सपा ने नया युवा चेहरा पवन पांडेय को टिकट दिया तो वेद गुप्ता ने आनन-फानन में बसपा से शामिल हो ताल ठोंकी।
विज्ञापन


तब इन्हें कुल 33481 मत मिले, जो कुल मत का 17.41 फीसदी था। 2014 के लोकसभा चुनाव में लल्लू सिंह के फैजाबाद का सांसद बनने के बाद विधानसभा के चुनाव के मद्देनजर हाल में वेद प्रकाश गुप्ता भाजपाई हो गए। अब भाजपा ने उनके दो चुनावों के प्रदर्शन और कुशल व्यापारी की छवि को ध्यान में रखकर दांव लगाया है।

हालांकि इस सीट पर पहले ही विनय कटियार ने उतरने से मना कर दिया था, बाकी दावेदारों में सीट पर पूर्व चुनावी प्रदर्शन या अनुभव के मुद्दे पर वेद ही बेहतर नजर आए। बाकी प्रमुख दावेदारों में ऋषिकेश उपाध्याय, राजेश तिवारी, अशोक तिवारी, डीपी तिवारी, विनोद जायसवाल, कमलेश श्रीवास्तव आदि थे।

मिल्कीपुर सुरक्षित सीट से काबीना मंत्री अवधेश प्रसाद को पटखनी देने के लिए भाजपा ने इस बार नया युवा चेहरा बाबा गोरखनाथ को मैदान में उतारा है। गोरखनाथ प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े 32 वर्षीय युवा हैं। उनका यह पहला चुनाव लड़ने का अनुभव होगा।

जबकि यहां दावेदारों में पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी भी शामिल थे, वे कई बार भाजपा से चुनाव भी लड़ चुके हैं। इसके अलावा प्रमुख रूप से नीरज कन्नौजिया, मंजू रावत आदि रहीं। भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल का कहना है कि अयोध्या से 16 दावेदारों में 10 कैडर के थे, जबकि मिल्कीपुर में छह दावेदार थे।

बाबा गोरखनाथ लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा में शामिल हुए थे, जबकि वेद प्रकाश गुप्ता विधानसभा चुनाव के मद्देनजर। अब अयोध्या व मिल्कीपुर सीट पर प्रत्याशी घोषित होने को लेकर पार्टी में सरगर्मी तेज हो गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें