अयोध्या। थाना गोसाईगंज अंतर्गत महबूबगंज बाजार में गुरुवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। महबूबगंज-गोसाईगंज मार्ग पर पटेल मार्केट के नजदीक रविंद्र सोनी (28) पुत्र पूरणमल सोनी निवासी सेवागंज करमपुर बाइक से घर जा रहा था। इस दौरान किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
इससे सिर पर चोट लगने से वो गंभीर रूप से घायल हो गया। महबूबगंज चौकी पुलिस ने एंबुलेंस से गंभीर रूप से घायल रविंद्र सोनी को सीएचसी गोसाईगंज पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हलका इंचार्ज महबूबगंज एसआई अर्जुन यादव ने बताया कि चालक बिना हेलमेट के वाहन चला रहा था। यदि उसके सिर पर हेलमेट होता तो शायद उसकी जान बच जाती। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।