रानीमऊ में हादसे के बाद लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
पटरंगा (फैजाबाद)। थाना क्षेत्र के रानीमऊ गांव में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक विद्युत पोल से टकरा गई। बाइक पर सवार दो युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को ग्रामीणों ने एंबुलेंस से सीएचसी भेजा।
इधर, सूचना के बाद भी पुलिस करीब तीन घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सीओ रुदौली से शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मवई व पटरंगा रोड पर निर्माण कार्य जारी होने की वजह से राहगीरों को रानीमऊ व पटरंगा मार्ग से होकर आना-जाना पड़ रहा है। गुरुवार को बकौली गांव की ओर से आ रही एक बाइक पर दो युवक सवार थे। रानीमऊ गांव के पास अचानक अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे लगे बिजली पोल से टकरा गई।
बाइक चला रहे थाना क्षेत्र के बकौली गांव निवासी प्रदीप कुमार वर्मा (30) पुत्र श्रीकृष्ण वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार दूसरा साथी कायमपुर मजरे रानीमऊ गांव निवासी मिद्दी (32) पुत्र इंद्रजीत घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे सीएचसी मवई भेजवाया।
प्रदीप की अभी छह माह पूर्व शादी हुई थी। उसके परिवार में कोहराम मचा गया। सूचना के बाद पुलिस के मौके पर न पहुंचने पर ग्रामीणों ने सीओ रुदौली संतोष कुमार को बताया जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। हाईवे चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने इसकी पुष्टि की। इस दौरान लगभग तीन घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।