बीकापुर उपचुनाव को लेकर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को बैरीकेडिंग का काम शुरू कर दिया गया। नामांकन के दौरान कड़ी सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे। इसके लिए मजिस्ट्रेटों के साथ ही पुलिस के अफसरों को लगाया गया है। नामांकन पूर्वाह्न 11 से अपराह्न 3 बजे के बीच किया जा सकेगा। नामांकन फार्म भी बुधवार से ही मिलेगा।
बीकापुर उपचुनाव के लिए रिटर्निंग अफसर एसडीएम सोहावल अमित सिंह को बनाया गया है। नामांकन फार्म बुधवार से मिलना शुरू होगा। नामांकन में आने वाली भीड़ को रोकने के लिए बैरीकेडिंग कलेक्ट्रेट के दक्षिणी गेट से एडीएम वित्त एवं राजस्व के न्यायालय कक्ष तक की जा रहा है।
नामांकन के लिए आने वाली भीड़ को कलेक्ट्रेट के दक्षिणी गेट पर ही रोक दिया जाएगा। केवल प्रत्याशी और प्रस्तावक और अनुमोदक ही इसके अंदर आ सकेंगे। गेट पर सुरक्षा बल लगाए जा रहे हैं। कलेक्ट्रेट में भी दूसरे रास्तों से कोई भी व्यक्ति नामांकन स्थल तक नहीं पहुंच पाएगा।
नामांकन को लेकर बैरीकेडिंग की व्यवस्था के साथ ही मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एके श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन के लिए तैयारियां कर ली गई हैं। नामांकन बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगा।