सराफा व्यापारियों पर एक्साइज ड्यूटी लगाने और दुराचार पीड़िता मासूम बालिका को अभी तक न्याय न मिलने से खफा अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारी गुरुवार को ‘भारत बंद’ के तहत दुकानों को बंद करायेंगे।
चौक, रिकाबगंज और बस स्टेशन पर केंद्र-प्रदेश सरकार के पुतलों के कानों में तेल डालेंगे तथा उसे आग के हवाले करेंगे। बुधवार को सभी व्यापारियों ने इन मांगों के साथ दूसरी कई मांगों को लेकर डीएम से मुलाकात की और ज्यादती का विवरण रखा।
आवासीय कार्यालय ऋषि टोला पर प्रेस वार्ता में उप्र. युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सुशील जायसवाल ने गुरुवार को ‘भारत बंद’ के कारणों में सराफा व्यापारियों की पिछले 15 दिनों से चल रही बंदी, मासूम के साथ दुराचार के बाद प्रबुद्ध नागरिकों, छात्रों, नौजवानों द्वारा गांधी पार्क में 12 दिनों से चल रहे धरनों व दूसरे उत्पीड़नों को गिनाया।
कहा कि सरकारी विभागों द्वारा लक्ष्य की पूर्ति के लिए व्यापारियों का शोषण उत्पीड़न हो रहा है। नगर में दुराचार पीड़िता को वीरता पुरस्कार तथा परिवार को 25 लाख रुपये की मदद देने की मांग की।
कहा, ‘भारत बंद’ में व्यापारी सुबह 10 बजे चौक, रिकाबंगज और बस स्टेशन पर सरकारों के पुतलों को कानों में तेल डालकर आग के हवाले करेंगे। डीएम के प्रतिनिधि से मिलने व वार्ता में सुशील जायसवाल के साथ कमल कौशल, विश्वप्रकाश, जमीर राणा, प्रवीण रस्तोगी, शैलेंद्र सोनी रामू, रमेश पप्पू, दीपक आदि थे।