एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को मौके पर भेजा तो चार बोरा चावल बरामद हुआ। इस बीच कोटेदार को इसकी सूचना लग गई और वह सरकारी राशन की दुकान में ताला जड़ भाग गया।
मामला शुक्रवार की देर शाम का है। ग्राम बिजइनपुर के सरकारी राशन की दुकान के कोटेदार की दुकान से चावल के चार बोरे किसी व्यापारी को बिकने के लिए ठेले से जा रहे थे।
ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और राशन को वही रखवाकर एसडीएम गिरीशचंद्र श्रीवास्तव को पूरे मामले से अवगत कराया। एसडीएम ने जांच के लिए पूर्ति निरीक्षक को मौके पर भेजा।
अधिकारियों ने चार बोरी चावल बरामद कर लिया। माल पकड़े जाने की भनक लगते ही कोटेदार दुकान में ताला लगाकर भाग गया। कोटेदार रामगोपाल यादव के दुकान पर पहुंचे अधिकारियों को दुकान के बाहर दो छोटे बच्चे मिले।
दुकान के बाहर उपभोक्ता सूची का बोर्ड नहीं लगा है। गांव पहुंचे पूर्ति निरीक्षक मनोज सिंह व भरतलाल पांडेय को गांव के मनीराम यादव, सियाराम, रमेश व टिन्नी यादव आदि ने अपना बयान दर्ज कराते हुए बताया कि कोटेदार के यहां से दुकानदार लालबहादुर व विकास यादव सरकारी अनाज बेचने के लिए ले जा रहे थे।
जिन्हें तुर्कियातारा के पास पकड़ लिया गया और मिल्कीपुर एसडीएम को मामले की जानकारी दी गई। पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार से तीन दिनों के अंदर स्पष्टीकरण देने के साथ ही सारे रिकॉर्ड तलब कर लिए है।