अयोध्या। डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स ने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को पत्र भेजकर संशोधित नियमावली पंजीकृत किए जाने के पूर्व संस्था के मूल अभिलेख तलब किए हैं। अभिलेख उपस्थित कराने की अंतिम तिथि बुधवार को थी।
डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. वंदना सिंह ने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में कहा है कि 27 अप्रैल को एल्डरस कमेटी के चेयरमैन श्रवण कुमार मिश्रा की शिकायत के क्रम में बार को आख्या प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया था। इस पत्र के क्रम में बार एसोसिएशन की आख्या चार मई 2023 को प्राप्त हुई। पुन: 27 मई को श्रवण कुमार मिश्रा को पत्र प्रेषित करते हुए उन्हें अपना पक्ष रखने को निर्देशित किया गया।
उन्होंने पांच जून को अपना जवाब प्रेषित किया उनकी ओर से प्रस्तुत आपत्ति और उत्तर के क्रम में बार एसोसिएशन की ओर से प्रस्तुत संशोधित नियमावली पंजीकृत किए जाने के पूर्व संस्था विषयक अभिलेखों का परीक्षण किया जाना आवश्यक है। संस्था संबंधी मूल अभिलेख बुधवार तक प्रस्तुत करना सुनिश्चित कराने के लिए पत्र लिखा गया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि पत्र अभी उन्होंने देखा नहीं है। देखने के बाद उसे साधारण सभा के समक्ष रखा जाएगा। चर्चा कराई जाएगी। साधारण सभा में हुए निर्णय के मुताबिक कार्य किया जाएगा। संवाद