बजरंग दल नगर इकाई ने बुधवार को जेएनयू के देशद्रोह आरोपी छात्रों का समर्थन कर रहे नेताओं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, वामपंथी नेता डी राजा, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, नीतिश कुमार, ममता बनर्जी व बसपा प्रमुख मायावती के विरोध में जुलूस निकाल पुतला फूंका और प्रदर्शन किया।
सभा कर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से जेएनयू की सब्सिडी व समर्थन करने वाले नेताओं की सांसद मान्यता खत्म करने की मांग उठाई। बजरंग दल कार्यकर्ता नाका हनुमानगढ़ी पर एकत्र हुए यहां से जुलूस निकाल नारेबाजी करते हुए नाका मकबरा पहुंच जेएनयू में हुए राष्ट्रविरोधी कार्यक्रम में शामिल छात्रों का समर्थन करने वाले नेताओं का पुतला फूंका।
बजरंग दल के विभाग सह संयोजक राजू दास ने कहा कि देश की सबसे बड़े विश्वविद्यालय जेएनयू में राष्ट्रविरोधी कार्यक्रम में शामिल छात्रों के समर्थन में देश के दिग्गज नेता खड़े होकर देश की एकता व अखंडता व राष्ट्रीयता को शर्मसार कर रहे हैं।
देशद्रोही हरकत को राष्ट्रवादी जनता स्वीकार नहीं करेगी। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के माध्यम से भारत सरकार से जेएनयू को दी जाने वाली करोड़ों की सब्सिडी व भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों का समर्थन करने वाले नेताओं की सांसद की मान्यता खत्म करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में विहिप के जिलाध्यक्ष रामलाल जायसवाल, नगर अध्यक्ष शिवम त्रिपाठी, बजरंग दल जिला सह संयोजक आशुतोष सोनी, अविनाश सिंह, राजन तिवारी, पंकज तिवारी, अशोक शुक्ल, आशुतेष मिश्र, अमित मिश्र, रविकांत, राजा पांडेय, पवन आदि शामिल रहे।