अयोध्या। एक पखवाड़े तक चलने वाले आयुष्मान भव कार्यक्रम का रविवार से आगाज हुआ। इस दौरान जनपद की सभी सीएचसी, पीएचसी व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर आयोजित स्वास्थ्य मेले का जन प्रतिनिधियों ने उद्घाटन किया। मेले में विभिन्न प्रकार की बीमारियों से ग्रसित मरीज का उपचार किया गया, जिनकी संख्या 5812 रही। साथ ही गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीज को उच्च अस्पतालों में रेफर किया गया।
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार, सीएचसी पर मेले का शुभारंभ पूर्व विधायक शोभा सिंह चौहान ने किया। अलग-अलग स्वास्थ्य काउंटर पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने जरूरतमंदों काे आयुष्मान कार्ड और दवा का वितरण किया। करीब छह लोगों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। इस मौके पर अधीक्षक डॉ. एके सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश पांडेय राना, चिकित्सक एसके मौर्य, अनुराग गुप्ता, डॉ. शादाब, प्रतीक्षा वर्मा आदि मौजूद रहे।
62 लाभार्थियों का बनाया गोल्डन कार्ड
तारुन। आयुष्मान भव: अभियान के अन्तर्गत आयुष्मान मेले का आयोजन सीएचसी तारुन व हैदरगंज सहित सभी चार पीएचसी व हेल्थ वेलनेस सेंटर पर आयोजित किया गया। मेले में 62 लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनाया गया। अधीक्षक पंचम कमलेश ने बताया कि मेले में 582 मरीजों का इलाज किया गया। डाॅ. नन्हकू राम, डाॅ. महिपाल सिंह, डाॅ. अब्दुल कादिर, फार्मासिस्ट चन्द्र प्रकाश वर्मा, राम जनम वर्मा आदि मौजूद रहे।