अयोध्या। त्रिस्तरीय पंचायत के आरक्षण सूची का प्रकाशन बुधवार को किया जाएगा। ग्राम पंचायत से जिला पंचायत के वार्डो के आरक्षण की स्थिति जानने के लिए लोग मंगलवार को ब्लॉक से जिला मुख्यालय तक भटकते रहे। देर रात तक आरक्षण सूची को अंतिम रूप देने के लिए अधिकारी और कर्मचारी विकास भवन में जूझते रहे। आंकड़ों की गुणा गणित में पूरा खेल उलझा रहा।
राज्य निर्वाचन आयोग से पंचायत चुनाव की तैयारी है। मतदाता सूची के बाद अब वार्डों के आरक्षण पर नजर है। आयोग ने इसके प्रकाशन के लिए दो से तीन फरवरी तक का समय दिया है, लेकिन मंगलवार को सूची का प्रकाशन नहीं किया जा सका। ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के वार्डों का पूरा खेल आंकड़ों पर स्थित है। जब तक आंकड़े अपनी जगह सेट नहीं हो जाते इसे फाइनल नहीं किया जा सकता। सूत्रों की मानें तो सप्ताह भर से ज्यादा समय से जूझ रहे अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन के मानकों के आधार पर आरक्षण की सूची को फाइनल करने में कई दिक्कतें पेश आई। पिछले चुनाव के दौरान आरक्षण के आंकड़े इसके कारणों के मूल में हैं।
फिलहाल बताया गया है कि मंगलवार रात तक इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसके बाद इसका प्रकाशन कर दिया जाएगा। लोगों का सर्वाधिक फोकस ग्राम पंचायत के प्रधान, ब्लॉक प्रमुख और जिले की जिला पंचायत की 40 सीटों पर हैं। ग्राम प्रधान और जिला पंचायत के वार्डों की आरक्षण की संख्या के आंकड़े पहले ही जिले को निदेशालय से भेजी जा चुकी हैं। इसी के आधार पर आरक्षण की सूची तैयार की जा रही है।
सीडीओ प्रथमेश कुमार ने बताया कि शासन से जनपद के ग्राम पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों व ब्लॉक प्रमुखों के पदों पर चुनाव के लिए आरक्षण और आवंटन की सूची दो से तीन मार्च तक जारी करने के लिए निर्देश जारी किया गया है। इसके क्रम में जनपद में इन पदों पर चुनाव के लिए आरक्षण और आवंटन की सूची तीन मार्च की सुबह जारी की जाएगी।