अयोध्या। श्रीरामजन्म भूमि स्थल पर भव्य मंदिर के निर्माण के साथ अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था को और हाईटेक किया जा रहा है। इसके तहत अयोध्या आने वाले लोगों पर निगाह रखने के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और एड्रेस सिस्टम के तहत हाई पावर वाला मिनी लाउडस्पीकर लगाया जा रहा है। इससे लोगों को निर्देश दिए जा सकेंगे। इसके अलावा अयोध्या के 17 स्थानों पर वाच टॉवर भी लगाया जा रहा है। इनमें से अधिकांश तैयार हो गए हैं। उम्मीद है कि रामनवमी मेले से पूर्व इन पर सुरक्षा बलों की तैनाती कर इसका प्रयोग शुरू कर दिया जाएगा।
श्रीराम मंदिर निर्माण की गति बढ़ने व कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम होने के साथ अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। यहां की सुरक्षा को लेकर जिले से लेकर प्रदेश स्तर के अधिकारियों द्वारा लगातार मंथन किया जा रहा है। इसी कड़ी में अयोध्या के पंचकोसीय एरिया के अंदर व अयोध्या के प्रवेश मार्गों पर सीसीटीवी का जाल बिछाना शुरू कर दिया गया है। अब तक करीब दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर इसे लगाया जा चुका है। अयोध्या के जालपा देवी चौराहा, टेढ़ी बाजार, हनुमानगढ़ी, शृंगार हाट, नया घाट बंधा तिराहा समेत सभी प्रमुख मठ मंदिरों के पास सीसीटीवी लगवाएं जा चुके हैं। अयोध्या प्रवेश के मार्ग नयाघाट, मोहबरा तिराहा, रामघाट, साकेत पेट्रोल पंप, हलकारक का पुरवा समेत पूरी अयोध्या में कुल 100 स्थानों पर सीसीटीवी लगाए जाने की योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य अयोध्या आने वाले सभी लोगों पर निगाह रखना है।
अयोध्या की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए शहर के 17 विभिन्न स्थानों पर वाच टॉवरों को लगाया जा रहा है। इनमें से राम की पैड़ी, नयाघाट, श्रीरामजन्म भूमि परिसर, श्रीरामजन्मभूमि कार्यशाला, कारसेवकपुरम, रामकोट आदि इलाकों में वाच टॉवर खड़े हो गए हैं। इन पर तैनात सुरक्षा बलों को सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने बताया कि धर्मनगरी अयोध्या में एंट्री करने वाले सभी लोगों पर निगाह रखने व उनकी समस्त जानकारी पुलिस के पास हो, इसके लिए पूरे शहर में 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके लिए नयाघाट पर कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। इसमें स्टाफ की तैनाती की तैयारी की जा रही है। वाच टॉवर भी बनकर तैयार है, जल्द ही इन पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। आगामी रामनवमी मेले से पूर्व यह सिस्टम पूरी तरह से कार्य करने लगेगा।