कुमारगंज। पॉवर हाउस में घुसकर परिचालक व सहायक के साथ मारपीट करने व तमंचे से फायर करने के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई न होने से नाराज संविदा विद्युत कर्मियों ने थाने की लाइट काट कर थाना परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर के आश्वासन के बाद विद्युत कर्मी शांत हुए।
विद्युत उपकेंद्र कुमारगंज में तैनात संविदा परिचालक सहायक बजरंग पुत्र छविराज 27 जनवरी की रात ड्यूटी कर रहे थे। आरोप है कि क्षेत्र के बवां गांव निवासी दुर्गा प्रसाद पुत्र दीनदयाल ने रात लगभग 11:50 बजे विद्युत उपकेंद्र कुमारगंज पहुंच कर कट्टे से फायरिंग करते हुए खिड़की में लगे शीशे को तोड़ा दिया। साथ ही बाहर खड़ी मोटर साइकिल की टंकी को भी तोड़ते हुए गाली-गलौज करते हुए भाग निकले।
विद्युत कर्मी ने पूरे मामले का लिखित शिकायती पत्र कुमारगंज पुलिस को दिया था लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज अन्य संविदा विद्युत कर्मचारियों ने शनिवार को कुमारगंज थाने पहुंचकर धरना प्रदर्शन करते हुए थाने की विद्युत सप्लाई काट दी। क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर कोमल मिश्रा ने विद्युत कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि कार्रवाई की जाएगी। तब विद्युत कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन बंद कर दिया, लेकिन सप्लाई चालू नहीं की।