अयोध्या। मकर संक्रांति से राममंदिर के नींव की खोदाई का काम शुरू होने पर संशय की स्थिति बन गयी है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि अभी नींव की ड्राइंग तैयार नहीं हो सकी है। जनवरी के तीसरे सप्ताह के अंत तक राममंदिर की मजबूत नींव की ड्राइंग तैयार हो जाएगी। विशेषज्ञों की राय से मजबूत नींव की ड्राइंग तैयारी की जा रही है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि एनजीआरआई हैदराबाद के विशेषज्ञों ने भी अपनी रिपोर्ट तैैयार कर ली है। एक-दो दिनों में यह जांच रिपोर्ट ट्रस्ट को उपलब्ध हो जाएगी। बहुत जल्द ही देश को शुभ समाचार मिलेगा। देश में चलने वाले धन संग्रह अभियान को लेकर लगातार विभिन्न क्षेत्रों में बैठकों के बाद अयोध्या पहुंचे राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने श्रीराम जन्मभूमि न्यास कार्यशाला सहित रामसेवकपुरम जाकर निर्माण कार्य को लेकर की जा रही तैयारियों को भी देखा।
चंपत राय ने कुछ दिनों पूर्व एक बयान में कहा था कि मकर संक्रांति से राममंदिर के नींव की खोदाई का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। अब इस पर संशय की स्थिति बन गई है, क्योंकि अभी तक राममंदिर के मजबूत नींव की ड्राइंग फाइनल नहीं हो पायी है। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि नींव की ड्राइंग जनवरी के तीसरे सप्ताह के अंत तक तैयार हो जाएगी। चंपत राय ने यह भी बताया कि बहुत जल्द ही बड़ी संख्या में मजदूर भी अयोध्या पहुंचने वाले हैं। उनके ठहरने के लिए अस्थाई व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है।
अयोध्या। श्रीराममंदिर निर्माण कार्य से रामभक्तों को जोड़ने के लिए 15 जनवरी से शुरू होने जा रहे राममंदिर निधि समर्पण अभियान की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। आरएसएस, विहिप, भाजपा और दूसरे सहयोगी संगठन इसके लिए जनजागरण करने में जुटे हुए हैं। प्रशिक्षण वर्ग आयोजित कर निधि समर्पण कैसे कराना है इसकी जानकारी दी जा रही है। महानगर में इस अभियान के लिए 400 से अधिक टोलियां बनाई गई हैं। बड़ी संख्या में मातृ शक्ति भी अभियान का हिस्सा होंगी। मातृ शक्ति अपनी अलग-अलग टोलियों का निर्धारण कर जनसंपर्क करेंगी। महानगर के 15 नगरों में प्रतिदिन बैठक कर प्रतिदिन की एकत्र राशि जमा कराने, कूपन प्राप्त करने आदि के बारे में जानकारी दी जा ही है।