फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अल्ट्रासाउंड के लिए कोरोना जांच से बचना है तो दीजिए सुविधा शुल्क

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए यदि कोरोना जांच से बचना है तो 200 रुपया सुविधा शुल्क दे दीजिए। इसके लिए जिला महिला अस्पताल में घूम रही आशा बहू व अन्य दलालों को पकड़ लीजिए, जो मरीज और कर्मचारियों के बीच की कड़ी का काम करेंगे। जबकि जांच जल्दी करानी हो तो उसका भी अलग इंतजाम है। महिला अस्पताल से लेकर जिला अस्पताल तक पहले दलालों के इसी नेटवर्क से प्रतिदिन तमाम मरीजों का शोषण हो रहा है। इनमें दोनों अस्पतालों के कर्मचारियों के भी संलिप्तता रहती है, लेकिन जिम्मेदार मौन हैं।
विज्ञापन

मंगलवार को पत्रकारों के दखल से ऐसा मामला सामने आने पर बखेड़ा खड़ा हुआ तो अफसरों ने भी गंभीरता दिखाई और कार्यवाही के लिए सीएमओ को पत्र लिखा है। जिला महिला चिकित्सालय में लंबे समय से रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त होने से यहां के मरीजों का अल्ट्रासाउंड भी जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है, जहां मरीजों की भारी भीड़ एकत्र होती है। कोरोना संक्रमण काल में अल्ट्रासाउंड जांच से पहले कोरोना जांच कराई जाती है। इसी का फायदा कुछ दलाल व कर्मचारी बेधड़क उठा रहे हैं। मंगलवार को इसका खुलासा गोंडा जनपद से आई मरीज गीता पांडे के अल्ट्रासाउंड जांच कराने से हुआ।
विकासखंड पूरा बाजार के धर्मपुर निवासी व मरीज गीता के भाई राजकुमार पाठक महिला अस्पताल की ओपीडी में उन्हें लेकर आए थे। डॉक्टरों ने देखा तो अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दिया। यहीं पर खंडासा ब्लाक की एक आशा बहू उन्हें मिल गई और अपने साथ लेकर अल्ट्रासाउंड कराने गई, जहां कोरोना जांच से बचने व जल्दी जांच कराने के लिए उसने दो सौ रुपये की मांग किया। इस पर गीता पांडे के पति ने उसे दो सौ रुपया दे दिया और अपनी बारी का इंतजार करने लगे। इसी बीच मीडिया कर्मियों के वहां पहुंचने पर आशा बहू वहां से फरार हो गई।
विज्ञापन

उसका पीछा करने पर महिला अस्पताल परिसर में वह नजर आई। महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. एसके शुक्ला तक प्रकरण पहुंचा तो उन्होंने संबंधित आशा बहू को बुलाया और उससे सवाल किया। इस पर आशा बहू ने बताया कि अल्ट्रासाउंड में मौजूद कर्मचारी कोरोना जांच कराने से बचने के लिए पैसा लेते हैं। यह पैसा उन्हें दिया जाता है। बाद में उसने अपना लिखित बयान भी दिया और जांच होने पर और खुलासे करने की बात कही। आशा बहू ने कहा कि हर पटल पर पैसा दिया जाता है, लेकिन फंसाया सिर्फ मुझे जा रहा है। बाद में उसने गीता पांडे का पैसा भी वापस कर दिया और उसका अल्ट्रासाउंड कराया गया।
बोले जिम्मेदार..
आशा बहू ने जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए कोरोना जांच न कराने पर पैसा लेने की पुष्टि करते हुए लिखित बयान दिया है। जिसके आधार पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जांच और अग्रिम कार्यवाही करने के लिए पत्र प्रेषित किया गया है।
- डॉ. एसके शुक्ला, सीएमएस, जिला महिला चिकित्सालय अयोध्या
-
यदि जिला चिकित्सालय के अल्ट्रासाउंड में इतनी बड़ी गड़बड़ी की जा रही है, तो यह बहुत गलत है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराकर दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
विज्ञापन

- डॉ. रविंद्र कुमार, प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय अयोध्या
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें