सोहावल। ठंड में बंटने वाले सरकारी कंबल की तहसील क्षेत्र के गांव में रहने वाले गरीबों को भनक नहीं लगी और सैकड़ों कंबल बंट गया। शुक्रवार को हुए इस कंबल वितरण में बीकापुर विधायक मौजूद रहे।
आनन-फानन में तहसील मुख्यालय पर कराए गए कंबल वितरण को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष रामचेत यादव ने कहा कि कंबल वितरण में क्षेत्रीय लेखपाल व पंचायत के जागरूक लोगों की सहभागिता रहती थी, जो खत्म हो गयी। कोला निवासी सामाजिक कार्यकर्ता लाल मोहम्मद ने कहा कि गांव में किसी को भनक नहीं लगी।
आरोप लगाया कि गतवर्ष के सैकड़ों कंबल बचे थे, उन्हें ही नया बताकर बांटा जा रहा है। सोहावल व्यापार मंडल के वीरभद्र गुप्त ने कहा कि लेखपालों के माध्यम से हर गांव में गरीबों में प्रचार-प्रसार कर सूची बनाकर वितरण कराना चाहिए था। इस संबंध में कंबल वितरण प्रभारी प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 1400 कंबल आया है, 170 लोगों को बांटा गया है।