बीकापुर। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ रामपुर परेई के रहने वाले ग्रामीणों ने समस्याओं को लेकर नगर पंचायत कार्यालय पर गुरुवार को सांकेतिक धरना दिया। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा।
मांग पत्र में वार्ड के यादव का पुरवा को जाने वाली सड़क पर बने गड्ढों को दुरुस्त कराने और दबंगई से कुछ लोगों से सड़क पर पानी खोल देने से लोगों को आवागमन में हो रही दिक्कतों से निजात दिलाने की मांग की गई। बताया गया कि सड़क पर खोला गया पानी गड्ढों में भर जाने से लोगों को करीब सात वर्षों से दिक्कतें उठानी पड़ रही है। मांग पत्र में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग की गई है।
इसके अलावा वार्ड के यादव के पुरवा में सार्वजनिक नवीन परती भूमि गाटा संख्या 73 पर कुछ लोगों से किए गए अतिक्रमण को हटाने और आवागमन सुगम कराने की मांग की गई है। मौके पर वार्ड के निवासी कृष्ण सिंगार मिश्रा, राम सिंगार मिश्रा, अरुण मिश्रा, जसकरन, राम कुमार मिश्रा, रामतेज मिश्रा आदि लोग शामिल रहे।
एसडीएम ने मौके पर ही नगर पंचायत अध्यक्ष जुग्गी लाल यादव एवं अधिशासी अधिकारी रागिनी वर्मा को समस्या का निदान कराने का निर्देश दिया। सांकेतिक धरना दे रहे लोगों का कहना है कि कई बार नगर पंचायत पर मांग पत्र और शिकायती पत्र देकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की जा चुकी है लेकिन कोई पहल नहीं हुई।
जाम से परेशान हुए आने जाने वाले यात्री
हाईवे पर सोहावल चौराहे पर गुरुवार को आने जाने वाले जाम से परेशान रहे। एसडीएम का वाहन इसमें फंसा तो हटो-बचो की स्थिति शुरू हुई। होमगार्ड के साथ अर्दली तक जाम छुड़वाने में जुटे तो लोगों को जाम से निजात मिली। यह स्थिति तब हुई जब इस चौराहे पर रौनाही थाने से जाम न लगने देने के लिए पिकेट लगाई जाती है। तब तक सुचित्तागंज बाजार की ओर वाहनों की लंबी लाइन लग चुकी थी।