अयोध्या। 69 हजार शिक्षक भर्ती में किन्हीं कारणों से काउंसलिंग में प्रतिभाग करने से वंचित रहे चयनित अभ्यर्थियों को बेसिक शिक्षा विभाग एक और मौका देगा। इन सभी अभ्यर्थियों को आगामी दस दिसंबर को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है। उपस्थित होने वालों का अभिलेख मिलान करके उन्हें भी नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा।
दो चरणों में संपन्न हुई 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में जिले को 863 शिक्षक आवंटित हुए थे। इनमें 740 शिक्षकों को 31667 के सापेक्ष व 123 शिक्षकों को 36590 के सापेक्ष आवंटित किया गया था। इनमें प्रथम चरण में हुई भर्ती प्रक्रिया में 682 शिक्षकों को तैनाती दी गई थी। जबकि 15 को अभिलेख सत्यापन में कुछ गड़बड़ी मिलने पर रोक लिया गया था। शेष अनुपस्थित रहे थे। जबकि, दो दिन पूर्व हुई दूसरी प्रक्रिया में 123 के सापेक्ष 109 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया है।
अब नियुक्ति पत्र से वंचित रहे व काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहने वाले शेष अभ्यर्थियों को भी बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा एक मौका दिया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष देव पांडेय ने बताया कि अभिलेखों में गड़बड़ी मिलने वाले व काउंसिलिंग में अनुपस्थित मिले करीब 80 शिक्षकों को दस दिसंबर को सायंकाल पांच बजे तक उपस्थित होने के लिए बुलाया गया है। अभिलेखों के सत्यापन के बाद शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा। बताया कि इसके बाद ही विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।