अयोध्या। अयोध्या जनपद में यातायात व्यवस्था को लेकर शहर क्षेत्र में लगने वाले जाम को लेकर शुक्रवार को पुलिस लाइन में एक गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, ट्रांसपोर्टर, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों से वार्ता कर उनसे सुझाव लिए गए व व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई।
गोष्ठी में ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए विचार विमर्श किया गया, ताकि भविष्य में चौक क्षेत्र व शहर क्षेत्र में आम जनमानस को जाम की स्थिति से निजात दिलाया जा सके। शहर में पहले से चिन्हित पार्किंग जगहों को नगर निगम के माध्यम से सही करा कर उनमें पार्किंग की व्यवस्था व वह शहर में बढ़ते हुए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई के बारे में भी विचार विमर्श किया गया।
साथ ही साथ ऑटो और ई रिक्शा को निर्धारित रूट पर चलने के निर्देश दिए गए। गोष्ठी में एएसपी व सीओ सिटी पलाश बंसल, सीओ ट्रैफिक राजेश राय, टीएसआई प्रमोद लहरी समेत व्यापार मंडल, टेंपो यूनियन, ट्रांसपोर्ट यूनियन, समाजसेवी अनिल अग्रवाल, प्रेम नाथ राय, जसवीर सिंह, नीरज सिंघल, राजेश बंसल, सुरेश सिंह, ज्ञान केसरवानी, रितेश कुमार, आनंद अग्रहरि, नीरज जायसवाल व अतुल कुमार सिंह मौजूद रहे।