अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में री स्किलिंग ऑफ टीचर्स प्रोग्राम के तहत बुधवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत ऑनलाइन शिक्षा से संबंधित ई-कंटेंट तैयार किए जाने संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम ईडीपी भवन स्थित कंप्यूटर लैब का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो रविशंकर सिंह ने किया। कहा कि हम सभी शिक्षकों की जिम्मेदारी बनती है कि गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर सीखते रहें। जीवनपर्यन्त शिक्षक कहीं न कहीं किसी न किसी से सीखता रहता हैं।
कुलपति ने बताया कि नई शिक्षा नीति 2020 सभी शिक्षकों की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे ज्ञान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डिजीटल माध्यमों का अधिक से अधिक प्रयोग करें। छात्रोपयोगी जानकारी के लिए उच्चकोटि के गुणवत्तापरक ई-कंटेंट तैयार करें। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में पूर्व प्रतिकुलपति प्रो. एसएन शुक्ला ने नई शिक्षा नीति के विभिन्न आयामों का परिचय विश्वविद्यालय के शिक्षकों को कराया।
इसके साथ ही आने वाले समय में 20 प्रतिशत कोर्स को आनलाइन माध्यमों से ही पूर्ण करने का दायित्व शिक्षकों का होगा। कार्यक्रम का संचालन आईक्यूएसी के निदेशक डॉ. नरेश कुमार चौधरी द्वारा किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रो. एसएस मिश्रा, प्रो. सीके मिश्रा, प्रो. आशुतोष सिंहा, प्रो. हिमांशु शेखर सिंह, प्रो. शैलेंद्र कुमार, प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।