अयोध्या। चौदह वर्ष के बनवास के बाद अयोध्या पहुंचे प्रभु श्रीराम का अयोध्या वासियों ने जहां पहले दिन दीपोत्सव मनाकर उनका स्वागत किया वहीं दूसरे दिन उनके स्वागत में 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। अयोध्या में इस दिन अन्नकूट महोत्सव के रूप में मनाया जाता है। सदियों की यह परंपरा रामनगरी में आज भी पूरे वैभव व भव्यता के साथ निभायी जाती है। इसी क्रम में दिवाली के दूसरे दिन रामनगरी के सैकड़ों मंदिर में भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया।
रामनगरी के मंदिरों में दो दिनों तक अन्नकूट पर्व मनाया गया। कुछ मंदिरों में रविवार तो कुछ मंदिरों में सोमवार को अन्नकूट का पर्व धूमधाम से मनाया गया। कनकभवन में कनकबिहारी सरकार को विवधि प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया गया। दशरथमहल बड़ास्थान में बिंदुगाद्याचार्य स्वामी देवेंद्रप्रसादाचार्य की अध्यक्षता में अन्नकूट का पर्व भव्यता पूर्वक मनाया गया। यहां धनुषधारी भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। इस अवसर पर भजन संध्या में संतों ने भजनों के जरिए प्रभु को रिझाया और उनके आगमन की प्रसन्ता व्यक्त की। कोशलेश सदन में भगवान श्रीमन्ननारायण को 1051 व्यंजनों का भोग लगाकर पूजन-अर्चन किया गया।
ज.गु.वासुदेवाचार्य विद्याभाष्कर ने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का कार्यक्रम संपन्न हुआ। हरिधाम पीठ गोपाल मंदिर में ज.गु.रामदिनेशाचार्य की अध्यक्षता में भगवान को विविध प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाकार प्रसाद वितरण किया गया। सियाराम किला झुनकीघाट में महंत करूणानिधान शरण के सानिध्य में भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। कार्यक्रम में सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, जिलाधिकारी अनुज कुमार झा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं बिड़ला धर्मशाला में भी भव्यता पूर्वक अन्नकूट का पर्व मनाया गया। प्रबंधक पवन सिंह ने बताया कि विविध प्रकार के पकवानों का भोग लगाकर पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, परमानंद मिश्र, जितेंद्र दूबे सहित अन्य मौजूद रहे। करतलिया आश्रम में महंत रामदास के संयोजन में पूजा-अर्चना के बीच अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। यहां पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय, पार्षद महेंद्र शुक्ला, चौधरी बलराम यादव सहित अन्य मौजूद रहे। इसी तरह मणिरामदास की छावनी, श्रीरामबल्लभाकुंज, हनुमानबाग, रंगमहल, बावन मंदिर, तिवारी मंदिर सहित अन्य मौजूद रहे।
नाका हनुमानगढ़ी में जेवनार गायन, लगा 56 भोग
नाका हनुमानगढ़ी में अन्नकूट पर्व पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महंत रामदास के संयोजन में हनुमान जी को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाने से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना किया गया। इस अवसर पर भजन संध्या का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में एडीएम सिटी डॉ. वैभव शर्मा, एसपी देहात शैंलेंद्र सिंह, कांग्रेस नेता राजेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. विक्रमा प्रसाद पांडेय, जर्नादन पांडेय बब्लू पंडित, इंजीनियर तिलकराज तिवारी, पंडित जर्नादन दत्त द्विवेदी, डॉ.शैलेश पांडेय, उग्रसेन मिश्र सहित अन्य मौजूद रहे।