अयोध्या। कोरोना वायरस के वैक्सीनेसन के लिए जिले के स्वास्थ्य विभाग से जुड़े समस्त कर्मियों का ब्यौरा शासन की ओर से मांगा गया है। इसके लिए शासन की ओर से निर्धारित एक वेबसाइट पर चिकित्सक से लेकर चतुर्थ श्रेणी तक के सभी कर्मियों का नाम, पदनाम सहित अन्य विवरण ऑनलाइन फीड किया जा रहा है। इससे वैक्सीन को लेकर कर्मियों में चर्चाएं तेज हैं।
कोरोना वायरस का प्रकोप जिले में थमता नजर आ रहा है। हालांकि अन्य देशों में कोरोना के दो बार चरम पर पहुंचने के कारण लोगों से कोरोना का भय गया नहीं है। वैक्सीन को लेकर सरकार भी काफी सजग दिख रही है। शुरुआती दौर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक सहित अन्य कर्मचारियों के वैक्सीनेसन को लेकर सरकार तैयारी कर रही है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग में ब्यौरा जुटाया जा रहा है।
जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शननगर सहित, सीएचसी-पीएचसी व सभी स्वास्थ्य इकाइयों व स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों का विवरण शासन की ओर से जारी किए गए वेबसाइट पर दर्ज कराया जा रहा है। इससे इन कर्मचारियों में शीघ्र ही वैक्सीनेसन की आस जगी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ घनश्याम सिंह ने बताया कि शासन की ओर से सभी कर्मचारियों का पूर्व विवरण मांगा गया है। इसमें उनका नाम, पदनाम, तैनाती स्थल, कार्य का प्रकार आदि दर्शाना है। संपूर्ण विवरण 25 अक्तूबर तक वेबसाइट पर लोड करना था। माना जा रहा है कि वैक्सीनेसन के साथ ही इनका वैक्सीनेटर के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। हालांकि, सूचनाएं अपलोड कर दी गई हैं। शासन के अग्रिम निर्देशों का अनुपालन किया जाएगा।