सोहावल। रौनाही थाना क्षेत्र के सरयूतट ढेमवा व इस्माइल नगर सिहोरा घाट पर सोमवार की शाम तक करीब 70 से ज्यादा मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन कर दिया गया। ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली कुछ मूर्तियों को देर शाम तक विसर्जन कराने बैठे प्रशासनिक अधिकारी इंतजार करते रहे। कोविड-19 के निर्देशों के तहत क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन संपन्न हुआ।
नायब तहसीलदार बीके बरनवाल, रौनाही थाना प्रभारी निरीक्षक रामाश्रय राय, एसएसआई सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी विसर्जन के लिए मुस्तैद रहे। पूर्व ग्राम प्रधान मंगलसी राम चेत यादव व प्रधान रौनाही घाट पर निगरानी करते रहे। नायब तहसीलदार ने बताया कि सिंहोर घाट से डेढ़ दर्जन व ढेमवा घाट पर 70 मूर्तियों के सुरक्षित व शांतिपूर्ण विसर्जन की सूचना है। इस दौरान पूजा समिति के अनिल कुमार गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि डॉ अमित सिंह, सपा नेता अनूप सिंह, एसपी श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।