अयोध्या। कमिश्नर एमपी अग्रवाल कहा कि वित्तीय साल के छह माह पूरे हो गए है। अधिकारी अपने-अपने विभाग के निर्धारित लक्ष्यों को उपलब्ध बजट के आधार पर गुणवत्तापूर्वक पूरा कराएं। कहा कि विद्यालय खुलने के बाद ऐसी व्यवस्था की जाए कि किसी भी प्रकार से बच्चे एवं विद्यालय में कोरोना का प्रसार न होने पाए।
कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम अनुज कुमार झा ने विकास बिंदुओं की संक्षिप्त जानकारी दी।
कमिश्नर ने चेक डेमो के निर्माण में तेजी लाने, सिल्ट सफाई करने, विद्युत बकाया की वसूली करने, भवन एवं सड़कों के निर्माण में तेजी लाने, प्राथमिक/स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्रों, प्राथमिक विद्यालयों में कायाकल्प योजना के तहत शौचालयों के निर्माण, ग्रामों में सामुदायिक शौचालयों आदि के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने राजकीय नलकूपों को ठीक कर समय से संचालन करने का निर्देश दिया।
वर्तमान में यांत्रिक एवं विद्युत दोषों से मंडल में लगभग 87 नलकूप बन्द पड़े है। विद्यालयों के खुलने के बाद जो बच्चे बिना मास्क के आते है उनको मास्क उपलब्ध कराया जाए। अभिभावकों से सहमति पत्र भी भरवाया जाए, क्योंकि बच्चे देश के भविष्य है इसका ध्यान रखा जाए। गन्ना किसानों के लगभग 21 करोड़ का भुगतान कराए जाने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्वास्थ्य गोल्डन कार्ड में धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया तथा इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया।
मंडल में लगभग 26524 निराश्रित गौवंश को टैग लगाने और इनको निर्धारित आश्रम स्थल पर पहुंचाने के लिए कार्रवाई के लिए कहा। कहा कि धान की कटाई प्रारंभ हो गई है, पराली जलाने की संभावना है इसको रोकने के लिए कृषि विभाग एवं संबंधित विभाग के अधिकारी आवश्यक कार्रवाई करें। आम लोगो को जागरूक बनाएं।
बैठक में डीएम बाराबंकी डॉ. आदर्श सिंह, डीएम अंबेडकरनगर रमेश चंद्र मिश्रा, डीएम सुल्तानपुर रवीश गुप्ता, डीएम अमेठी अरूण कुमार के साथ सीडीओ अयोध्या प्रथमेश कुमार, प्रभारी संयुक्त विकास आयुक्त रवि प्रकाश श्रीवास्तव अन्य मंडलीय अधिकारी सहित अन्य लोग रहे।