अयोध्या। आचार्य पीठ तपस्वी छावनी के महंत परमहंस दास पांचवें दिन भी आमरण-अनशन पर डटे रहे। वह हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर 12 अक्तूबर से अनशन पर हैं। शुक्रवार को उनके द्वारा हिंदू राष्ट्र संकल्प पूर्ति राजसूर्य महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां डाली गई।
पांचवें दिन भी श्रीराम अस्पताल की मेडिकल टीम ने महंत का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान उनका वजन 5 किलो कम हुआ है। आमरण-अनशन पर बैठने से पहले स्वामी परमहंस का वजन 95.35 किलो था। जो घटकर 90.35 हो गया है। अब उनका स्वास्थ्य शिथिल हो रहा है। अभी तक कोई जिम्मेदार अधिकारी अनशन स्थल पर नही पहुंचा है।
साधु-संतों व हिंदूवादी संगठनों द्वारा अनशनकारी महंत को लगातार समर्थन दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आज इंसान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी इंसान अपने कुनबे के साथ तपस्वी छावनी आश्रम पहुंचकर अनशनरत महंत को समर्थन दिया। इससे पहले हिंदू समाज पार्टी, हिंदू महासभा, विश्व हिंदू रक्षा संगठन, देव सेना, सफाई कर्मी समेत अन्य संगठन अपना समर्थन दे चुके हैं।
इस मौके पर महंत परमहंस दास ने कहाकि हिंदू राष्ट्र का विषय देश के लिए महत्वपूर्ण है। हमारी मांग पूरी तरह से जायज है। हमारे साथ पूरा राष्ट्र खड़ा है। अगर शासन-प्रशासन जोर-जबरदस्ती या बर्बरता पूर्वक मेरा आमरण-अनशन तोड़वाता है। तो उसका खामियाजा उसको भुगतना पड़ेगा। यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी केंद्र में सत्ता से दूर हो गई।
क्योंकि उसने सत्ता में रहते हुए साधु-संतों पर लाठियां चलवाई थी, जिसका खामियाजा वह आज भी भुगत रही है। महंत ने कहा कि हिंदू राष्ट्र का मामला केंद्र का है। इसलिए जब तक केंद्र से कोई केंद्रीय प्रतिनिधि आकर मुझे ठोस आश्वासन नही देता है। तब तक मेरा आमरण-अनशन यूं ही चलता रहेगा।
इस अवसर पर गोंडा के महंत सीताराम दास, हिंदूवादी नेता संतोष दूबे, विश्व हिंदू रक्षा संगठन की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा अर्चना समेत अन्य मौजूद रहे।