अयोध्या। राजर्षि दशरथ स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय/कोविड एल-2 चिकित्सालय दर्शन नगर के मुआयने में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने सीसीटीवी के जरिए वार्डों की साफ-सफाई का जायजा लिया। साथ ही चिकित्सकों को वार्डों का नियमित भ्रमण करने व समय से भोजन उपलब्ध कराने की हिदायत दी। साथ ही वार्ड के अंदर मरीजों के तीमारदार पर पाबंदी लगाने के निर्देश दिए। कहा कि जरूरत पड़ने पर तीमारदारों को फोन से बुलाया जाए।
जिलाधिकारी ने प्राचार्य प्रो. विजय कुमार को सभी वार्डों की नियमित साफ-सफाई के साथ ही भर्ती मरीजों को गुणवत्तापरक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा कि कोविड-19 की गाइड लाइन का अक्षरश: अनुपालन करते हुए चिकित्सकों द्वारा सभी वार्डों का भ्रमण कर प्रत्येक मरीज का अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाए। उन्होंने रोग प्रतिरोधक क्षमता में तेजी से सुधार लाने को च्यवनप्राश व गिलोय बटी भी चिकित्सालय में भर्ती सभी मरीजों को उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत वार्ड के अंदर तीमारदारों को न रहने दिया जाए, इस दौरान ड्यूटी पर तैनात नर्स, चिकित्सा स्टॉप स्वयं को सुरक्षित रखते हुए मरीज को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएं, कोई आवश्यकता पड़ने पर ही तीमारदार को फोन करके बुलाया जाए। सुरक्षा के सभी मानकों का अनुपालन करते हुए ही वार्ड में प्रवेश की अनुमति दी जाए।
जिलाधिकारी ने सीएमएस डॉ. एके सिंह को कोविड चिकित्सालय में गंभीर स्थिति में आने वाले मरीजों की सूची वह उनसे संबंधित विवरण सीडीओ व सीएमओ को उपलब्ध कराने तथा सीडीओ व सीएमओ को संबंधित मरीजों व संबंधित आरआरटी टीम से बात करके मरीज के विलंब से भर्ती होने के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए।