भेलसर। नगर पालिका रुदौली के वार्ड सोफियाना पूर्वी में बुनियादी सुविधाओं का अकाल है। यहां पर न तो आवागमन को सड़कें दुरुस्त हैं और न ही जलनिकासी के इंतजाम। सड़कें जर्जर हैं। नालियां क्षतिग्रस्त है। सफाई के अभाव में सड़कों पर कचरा बिखरा है। जगह-जगह कूडे के ढेर लगे हैं। पेयजल और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्थाएं भी नाकाफी हैं। ऐसे में यहां के लोग बुनियादी सुविधाओं को तरस रहे हैं।
वार्ड सोफियाना पूर्वी में शहरी सुविधाओं के लालच में ग्रामीण इलाकों से लोग यहां पर महंगे दाम पर जमीन खरीदकर अपना आशियाना बनाया था, उन्हें उम्मीद थी कि आने वाले दिनों में वह नगर पालिका की सुविधाओं से लैस होंगे। कई साल गुजरने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो सका है7 हालात यह है कि वार्ड के मोहल्लों में बुनियादी सुविधाएं बद से बदतर हैं। वार्ड में सफाई करने को भी नियमित कर्मचारी नहीं आते हैं। जब कभी भी आते हैं तो चंद कुछ स्थानों की सफाई कर चले जाते हैं।
सफाई के अभाव में वार्ड की सड़क व गलियों में कूड़ा कचरा बिखरा है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। रही सही कसर आवारा जानवर पूरी कर रहे हैं। ये जानवर उन कूड़े के ढेरों में मुंह मारकर उसे बिखरा देते हैं। इससे वहां पर लोगों को निकलना मुश्किल हो जाता है। जलनिकासी के लिए इंतजाम नहीं हैं।
इस कारण लोगों के घरों का गंदा पानी व बारिश का पानी नहीं निकल पाता। वार्ड के तालाब भी बारिश में लबालब भर जाते हैं। इसके बाद पानी रास्तों में भरने लगता है, जो समस्या का कारण होता है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए लोग सीवर लाइन बिछाने की मांग दो दशक से करते आ रहे हैं मगर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
जल निकासी न होने से कब्रिस्तान में जलभराव बना हुआ है। सफाई कर्मचारी नियमित आते नहीं। इससे वार्ड की गलियों एवं नालियों की सफाई नहीं होती है। जब भी सफाई कर्मी आते हैं तो चिंहित नालियों को ही थोड़ी दूर साफ करने के बाद चले जाते हैं। मोहल्ला घोसियाना में नाला व नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं।
- अनूप संघई
पालिका को टैक्सी स्टैंड द्वारा प्रतिवर्ष लगभग 20 लाख के राजस्व मिलता है। पर सैदपुर, बाबाबाजार व शुक्ल बाजार को जाने वाले टैक्सी स्टैंडों को खड़ा करने को कोई स्थान चयनित नहीं। यात्रियों को प्यास बुझाने को लगा हैंडपंप भी पानी देने में मनमानी करता है। एलईडी व हाईमास्ट लाइट न होने से अंधेरा रहता है।
- जीशान खान
वार्ड में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे है। वार्ड के किसी भी मोहल्ला में कूड़ादान न होने से लोग सड़क के किनारे या खाली पड़े प्लाट में फेंक देते हैं। नियमित उठान न होने से कूड़ा का ढेर लग जाता है। वार्ड में बनी नालियां जगह-जगह टूटी हुई है। मरम्मत न कराने से नालियों का पानी ओवरफ्लो होने पर सड़कों पर भरा रहता है।
- पुष्पराज रस्तोगी
सफाई व्यवस्था चौपट होने से गंदगी के कारण मच्छरों की भरमार है। डेंगू व मलेरिया पर नियंत्रण के लिए मलेरिया विभाग द्वारा चलाया जाने वाला अभियान कागजी फाइलों में चल रहा है। नगर में कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव को लाखों की लागत से आई फॉगिंग मशीन नगर पालिका की शोभा बढ़ा रही है।
- अदील खान
पूर्व में जगह-जगह कूड़ादान लगाया जाता था, जिससे कूड़ा को लोग इधर-उधर फेंकने के बजाय कूड़ा दान में डालते थे लेकिन, अब कहीं भी कूड़ादान नजर नहीं आते है। जबकि, कूड़ादान खरीदने के लिए पालिका के मोटी राशि खर्च करने के बावजूद कूड़ादान लगाने का उद्देश्य फलीभूत नहीं हो पा रहा है।
- राजेश यादव
टैक्सी स्टैंड पर सामुदायिक शौचालय तो दूर मूत्रालय तक नहीं है। जिससे महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोग खुले में शौच के लिए जाने को विवश हैं। वार्ड के लोग काफी समय से सामुदायिक शौचालय की मांग कर रहे है, जो अभी तक पूरी नहीं हुई। केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
- मो. रईस
वार्ड में विकास कार्यों के प्रस्ताव पालिका को दिए गए हैं, इनमें टैक्सी स्टैंड हाजी सुहेल मकान के सामने नाला निर्माण, आमिर के मकान व इकरा स्कूल मार्ग पर नाला निर्माण एवं मोहल्ला जोगियाना में इंटर लाकिंग सीसी मार्ग का निर्माण, वार्ड में 30 स्थानों पर विद्युत पोल पर एलईडी लाइट लगवाए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
- मोहम्मद मुबीन उस्मानी, सभासद प्रतिनिधि
वार्ड की समस्याओं का निदान कराया जाएगा। जहां पर पथ प्रकाश व्यवस्था नहीं है, वहां के विद्युत पोल पर एलईडी लाइट लगवाने का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। सफाई कर्मियों को सख्त हिदायत दी गई है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- रणविजय सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका रुदौली