अयोध्या। त्रिस्तरीय पंचायत की मतदाता सूची के प्रगाढ़ पुनरीक्षण की तैयारी को अंतिम रूप दिए जाने का काम शुरू हो गया है। तहसीलों पर लगाए गए कार्मिकों को प्रशक्षण देने के साथ ही संबंधित कागजातों के वितरण का काम शुरू कर दिया गया है। एक अक्टूबर से बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे काम शुरू करेंगे। पुनरीक्षण में एक जनवरी 2020 को 18 साल की आयु पूर्णकरने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश के मुताबिक एक अक्टूबर से मतदाता सूची के पुनरीक्षण देने के लिए कार्रवाई तेज हैं। पुनरीक्षण के लिए अब तक की सूचना के मुताबिक तहसीलों के स्तर से 851 बीएलओ के साथ ही 135 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। लगाए गए इन कार्मिकों का प्रशिक्षण तहसीलों केस्तर पर शुरू कर दिया गया है। प्रशिक्षण में इन कार्मिकों को घर-घर सर्वेक्षण के दौरान किस प्रकार से पुनरीक्षण के लिए डाटा एकत्र करना है यह जानकारी दी जा रही है। साथ ही घर-घर डाटा कलेक्शन के दौरान लगने वाले कागजातों को भी कार्मिकों को दिया जा रहा है।
पुनरीक्षण को लेकर ग्राम पंचायतों के लोगों को जानकारी देने के लिए ग्रामसभा की खुली बैठकें कराए जाने का भी प्रस्ताव बताया गया है। जिससे लोग लगाए गए कार्मिकों को अपने घर के सदस्यों के बारे में सही-सही जानकारी दें और मतदाता सूची की त्रुटियों से बचा जा सके।
पुनरीक्षण के दौरान मृतकों के नाम हटाए जाने, एक स्थान से दूसरे स्थानपर चले गए लोगों के नाम शिफ्ट किए जाने और एक जनवरी 2020 को 18 साल की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम सूची में शामिल किए जाने की कार्रवाई की जानी है। कोई व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम ऑनलाइन शामिल कराने के लिए भी आवेदन कर सकती है। यह काम पांच अक्टूबर से शुरू होगा। इसे राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर किया जाएगा।
सहायक निजा निर्वाचन अधिकारी सूर्य भान ने बताया कि पुनरीक्षण में लगाए गए कार्मिकों का प्रशिक्षण तहसीलों पर हो रहा है। इसी के साथ उन्हें जरूरी कागजात दिए जा रहे हैं। तैयारियां अंतिम चरण में हैं। एक अक्टूबर से मतदाता सूची के प्रगाढ़ पुनरीक्षण के लिए कार्मिक घर-घर सर्वे का काम शुरू करेंगे।