अयोध्या। केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति साकेत के वरिष्ठ पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधि मण्डल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुज कुमार झा से मुलाकात की और उनसे जिले की सभी दुर्गापूजा एवं रामलीला समितियों की तैयारियों पर राय मशविरा किया।
अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि दुर्गापूजा व रामलीला महोत्सव की तैयारियों के लिए आयोजन समितियों के पास अब बहुत कम है। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि अतिशीघ्र आगामी रामलीलाओं एवं दुर्गापूजा उत्सव के आयोजन को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा निर्देश जारी होगा।
अध्यक्ष मनोज जायसवाल एवं संरक्षक विजय गुप्ता ने जिलाधिकारी को बताया कि आगामी 17 अक्तूबर से शारदीय नवरात्रि एवं रामलीला महोत्सव प्रारंभ हो रहा है और तैयारियों के लिए आयोजन समितियों के पास बिलकुल भी समय नहीं बचा है। लेकिन जिले की सभी दुर्गापूजा एवं रामलीला समितियां आयोजन के बारे में अभी तक कोई निर्देश जारी नहीं हुए हैं। इससे कार्यक्रम से संबंधित कोई भी तैयारी शुरू नहीं कर पा रहे हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने केंद्रीय समिति के प्रतिनिधिमंडल को बताया कि अतिशीघ्र आगामी रामलीलाओं एवं दुर्गापूजा उत्सव के आयोजन को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा निर्देश जारी होगा। जिला प्रशासन द्वारा सरकार द्वारा निर्देश जारी होने के तुरंत बाद सभी संबंधित आयोजन समितियों के साथ बैठक कर जारी निर्देशों से अवगत कराया जायेगा। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि आगामी समस्त त्योहार प्रदेश सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ही संपन्न कराएं जाएंगे।
जिलाधिकारी एवं केन्द्रीय समिति ने संयुक्त रूप से जनपदवासियों से कोरोना महामारी से बचाव को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने एवं मास्क पहनने की अपील भी किया।