सोहावल। सोहावल तहसील क्षेत्र में लखनऊ हाइवे के पास धन्नीपुर में मस्जिद निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड को मिली पांच एकड़ भूमि की जिला प्रशासन ने बोर्ड की ओर से बनाए गए नए ट्रस्ट इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन के नाम सोमवार को रजिस्ट्री कर दी। बोर्ड व फाउंडेशन की ओर से अधिकृत किये गए मोहम्मद शोएब व जुफर अहमद फारूकी ने रजिस्ट्री में अपने हस्ताक्षर दर्ज कराए हैं।
सोहावल तहसील के रजिस्ट्री कार्यालय में सोमवार सुबह पहुंचे बोर्ड व फाउंडेशन के अधिकृत सदस्यों ने इस रजिस्ट्री की बाबत भूमि की लगाई गई वैल्यूएशन एक करोड़ 54 लाख 89 हजार 300 रुपये के सापेक्ष सात लाख 74 हजार 500 रुपये की स्टांप ड्यूटी अदा की। सोहावल के रजिस्ट्रार एमपी मिश्र ने बताया कि कुल अदा किये गए स्टांप शुल्क से रजिस्ट्री फीस एक लाख 54 हजार 900 रुपये जमा कराई गई है। बोर्ड की ओर से आए दोनों सदस्यों ने लखनऊ डीड की तर्ज पर सोहावल में रजिस्ट्री इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन के नाम करा दी है।
उधर, राममंदिर निर्माण के साथ ही अब फाउंडेशन के नाम जमीन रजिस्ट्री होने के बाद यहां भी निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। फाउंडेशन ने मस्जिद के साथ ही एक बड़ा अस्पताल, सामुदायिक किचन आदि बनाने की योजना बनाई है। इसका नक्शा आदि फाउंडेशन तेजी से बनवा रहा है और जल्दी ही स्वीकृति के लिए जिला पंचायत में पेश किए जाने के उम्मीद है।